सेबी ने शेयर ब्रोकरों के जोखिम सुरक्षा प्रणाली मंच ‘आईआरआरए’ को बंद किया

सेबी ने शेयर ब्रोकरों के जोखिम सुरक्षा प्रणाली मंच 'आईआरआरए' को बंद किया

सेबी ने शेयर ब्रोकरों के जोखिम सुरक्षा प्रणाली मंच ‘आईआरआरए’ को बंद किया
Modified Date: May 7, 2026 / 06:51 pm IST
Published Date: May 7, 2026 6:51 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) बाजार नियामक सेबी ने बृहस्पतिवार को शेयर ब्रोकरों के लिए निवेशक जोखिम कम करने वाले मंच आईआरआरए को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने कहा कि पूंजी बाजार में कामकाज जारी रखने की मजबूत व्यवस्था और साइबर सुरक्षा ढांचे के सशक्त होने से यह मंच अब अप्रासंगिक हो गया है।

आईआरआरए (इन्वेस्टर रिस्क रिडक्शन एक्सेस) मंच को एक अक्टूबर, 2023 को शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य ब्रोकरों को शेयर खरीद-बिक्री सेवाओं में बाधा आने की स्थिति में एक वैकल्पिक माध्यम उपलब्ध कराना था।

हालांकि, सेबी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रौद्योगिकी-आधारित कई उपाय लागू किए जाने से ब्रोकरों की परिचालन क्षमता में मजबूती आई है। इनमें ‘बिजनेस कंटिन्यूटी प्लानिंग और डिजास्टर रिकवरी’ (बीसीपी-डीआर) व्यवस्था, बेहतर साइबर सुरक्षा ढांचा, बाजार सुरक्षा परिचालन केंद्र और तकनीकी गड़बड़ी से निपटने के तंत्र को मजबूत करना शामिल है।

सेबी के मुताबिक, शेयर ब्रोकरों ने ऐसे तकनीकी समाधान भी अपनाए हैं, जिससे किसी बाधा की स्थिति में मुख्य और वैकल्पिक प्रणाली के बीच आसानी से स्विच किया जा सकता है।

इसके अलावा कामकाज जारी रखने के लिए स्वतंत्र ‘कोल्ड साइट्स’ भी विकसित की गई हैं। यह आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए तैयार वैकल्पिक स्थान होती है जिसे जरूरत पड़ने पर सक्रिय किया जाता है।

सेबी के मुताबिक, शेयर बाजारों ने बताया है कि आईआरआरए मंच शुरू होने के बाद से कभी भी उपयोग में नहीं आया और मजबूत नियामकीय उपायों एवं तकनीकी प्रगति के कारण यह ‘संरचनात्मक रूप से अप्रासंगिक’ हो गया है।

बाजार नियामक ने इन्हीं कारणों और हितधारकों की प्रतिक्रिया के आधार पर इस मंच को तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला किया है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में