जम्मू कश्मीर में चूना पत्थर के 12 ब्लॉक की ई-नीलामी का दूसरा दौर शुरू
जम्मू कश्मीर में चूना पत्थर के 12 ब्लॉक की ई-नीलामी का दूसरा दौर शुरू
श्रीनगर, 12 मई (भाषा) खान मंत्रालय ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में चूना पत्थर (लाइमस्टोन) के 12 ब्लॉक की ई-नीलामी का दूसरा चरण शुरू कर दिया।
खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में ई-नीलामी के इस दौर की शुरुआत की। इनमें नए पहचाने गए ब्लॉक और दूसरी बार नीलामी के लिए रखे गए ब्लॉक शामिल हैं।
इस अवसर पर गोयल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में खनिज संसाधनों की अपार संभावनाएं हैं और इन ब्लॉक की नीलामी एवं संचालन से आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ‘विकसित भारत’, ‘विकसित जम्मू-कश्मीर’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को गति मिलेगी।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, अनंतनाग, राजौरी और पुंछ जिलों में स्थित कुल 12 चूना पत्थर ब्लॉक को नीलामी के लिए रखा गया है। इनमें नए पहचाने गए ब्लॉक और दूसरी बार नीलामी के लिए रखे गए ब्लॉक शामिल हैं। यह प्रक्रिया खनिज (नीलामी) नियम, 2015 (संशोधित) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
बयान के मुताबिक, ये ब्लॉक संयुक्त राष्ट्र ढांचा वर्गीकरण (यूएनएफसी) के जी3 और जी4 स्तर के अंतर्गत आते हैं और सीमेंट एवं बुनियादी ढांचा क्षेत्रों से मजबूत रुचि दिखाई जाने की संभावना है।
संयुक्त सचिव एवं नामित अधिकारी फरीदा एम नाइक ने बोलीदाताओं से क्षेत्र की खनन संभावनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक वृद्धि, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
निविदा के दस्तावेजों की बिक्री 18 मई से शुरू होगी, जबकि बोली-पूर्व बैठक पांच जून को आयोजित की जाएगी।
यह नीलामी खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा खनिज (नीलामी) नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


