कच्चे तेल में नरमी से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 291 अंक चढ़ा

कच्चे तेल में नरमी से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 291 अंक चढ़ा

कच्चे तेल में नरमी से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 291 अंक चढ़ा
Modified Date: June 22, 2026 / 05:31 pm IST
Published Date: June 22, 2026 5:31 pm IST

मुंबई, 22 जून (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति की उम्मीद के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आई। सेंसेक्स 291 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 90 अंक की बढ़त दर्ज की गई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 291.17 अंक यानी 0.38 प्रतिशत बढ़कर 77,094.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 522.66 अंक यानी 0.68 प्रतिशत चढ़कर 77,325.56 अंक तक चला गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 89.80 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,102.90 अंक पर बंद हुआ।

विश्लेषकों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों के फिर से लिवाली शुरू करने और रिलायंस इंडस्ट्रीज एवं एचडीएफसी बैंक के शेयरों में खरीदारी आने से बाजार को सहारा मिला।

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा में सर्वाधिक 1.87 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और बजाज फिनसर्व के शेयर भी चढ़कर बंद हुए।

दूसरी तरफ एशियन पेंट्स, टाइटन, पावर ग्रिड और ट्रेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान वार्ता के पहले दौर के सकारात्मक संकेतों से वैश्विक निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है, हालांकि निवेशक सतर्क रुख बनाए हुए हैं।’’

व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.60 प्रतिशत चढ़ गया, जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप में 0.45 प्रतिशत की तेजी रही।

क्षेत्रवार सूचकांकों में बीएसई उपयोगिता खंड में 1.01 प्रतिशत, स्वास्थ्य देखभाल खंड में 0.81 प्रतिशत, ऊर्जा खंड में 0.68 प्रतिशत और तेल एवं गैस खंड में 0.68 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,635 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 1,754 कंपनियों में गिरावट रही और 197 अन्य अपरिवर्तित रहे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.66 प्रतिशत गिरकर 79.23 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति की उम्मीद के बीच बाजार सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। इसमें बैंकिंग, उपयोगिता एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन की अहम भूमिका रही।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,859.07 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीद की थी।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।

यूरोप के बाजार मिले जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिका के बाजार ‘जुनेटीनथ’ अवकाश के कारण शुक्रवार को बंद रहे थे।

पिछले सत्र में शुक्रवार को सेंसेक्स 607.08 अंक टूटकर 76,802.90 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 154.90 अंक गिरकर 24,013.10 अंक पर आ गया था।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में