कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से सेंसेक्स,निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से सेंसेक्स,निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से सेंसेक्स,निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट
Modified Date: July 22, 2026 / 10:10 am IST
Published Date: July 22, 2026 10:10 am IST

मुंबई, 22 जुलाई (भाषा) सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और बैंकों के शेयर में बिकवाली से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।

बीएसई सेंसेक्स लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट में रहा और शुरुआती कारोबार में 403.54 अंक टूटकर 77,066.06 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 114.75 अंक फिसलकर 24,070.05 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे। वहीं, टाइटन, इटर्नल, मारुति और एशियन पेंट्स के शेयर बढ़त में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.16 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट भी बढ़त में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट में कारोबार कर रहा है।

अमेरिका के शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 92.06 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,650.16 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 0.31 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी 0.21 प्रतिशत फिसलकर बंद हुआ था।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में