नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स लिमिटेड का शेयर अपने निर्गम मूल्य 424 रुपये के मुकाबले लगभग 19 प्रतिशत बढ़त के साथ शुक्रवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 18.86 प्रतिशत की बढ़त के साथ 504 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। बाद में यह 19.75 प्रतिशत चढ़कर 507.75 रुपये पर पहुंच गया।
एनएसई पर शेयर 17.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 500.25 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण 3,178.90 करोड़ रुपये रहा।
कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) का मंगलवार को बोली के अंतिम दिन 146.64 गुना अभिदान मिला था।
आईपीओ 400 करोड़ रुपये के नए शेयर और 50 करोड़ रुपये के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण था। इसके लिए 402-424 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया था।
वर्ष 2014 में गठित कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स एकीकृत खनन सेवा प्रदाता कंपनी है। इसकी अपनी कोई खदान नहीं है लेकिन यह अपने ग्राहकों को खनन और लॉजिस्टिक्स सेवाएं देती है।
भाषा निहारिका
निहारिका