अमित शाह ने सहकारी बैंकों के लिए उठाए सरकारी प्रयासों की समीक्षा की

अमित शाह ने सहकारी बैंकों के लिए उठाए सरकारी प्रयासों की समीक्षा की

अमित शाह ने सहकारी बैंकों के लिए उठाए सरकारी प्रयासों की समीक्षा की
Modified Date: June 18, 2026 / 10:12 pm IST
Published Date: June 18, 2026 10:12 pm IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को टिकाऊ कारोबारी मॉडल, आधुनिक बैंकिंग प्रौद्योगिकी और मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचे के माध्यम से सहकारी बैंकों को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, शाह ने सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को मजबूत करने, सहकारी समितियों के माध्यम से जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने और सहकारी उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा के लिए आयोजित कई बैठकों की अध्यक्षता की।

इन बैठकों में सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और सहकारिता सचिव आशीष कुमार भूटानी भी शामिल हुए।

इन बैठकों में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और प्रस्तावित कोऑपरेटिव बैंक ऑफ इंडिया (सीओबीआई), सहकार सारथी प्राइवेट लिमिटेड (एसएसपीएल), नेशनल अर्बन कोऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनयूसीएफटीसी), नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (एनसीओएल) और नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड (एनसीईएल) सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान सहकारिता मंत्री ने प्रौद्योगिकी अपनाने, बेहतर शासन, साइबर सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, साझा सेवा मंच और बेहतर सेवा वितरण के माध्यम से सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रगति की समीक्षा की।

बयान में कहा गया, ‘शाह ने सहकारिता क्षेत्र के संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करने और सहकारी बैंकों की साझा सेवा मंच में भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।’

उन्होंने सहकारी बैंकिंग क्षेत्र के लिए मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचे, आधुनिक बैंकिंग प्रौद्योगिकी और सतत व्यापार मॉडलों के महत्व को रेखांकित किया।

इस दौरान सहकारी बैंकों के लिए सहकार सारथी की प्रौद्योगिकी-आधारित पहलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में