सिंगापुर सरकार ने एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस के निवेश का किया बचाव

Ads

सिंगापुर सरकार ने एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस के निवेश का किया बचाव

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 09:17 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) सिंगापुर सरकार ने मंगलवार को एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस के निवेश का बचाव करते हुए कहा कि भारतीय एयरलाइन के जरिये उसे यात्री यातायात के लिहाज से दुनिया के सबसे बड़े विमानन बाजारों में से एक तक मजबूत पहुंच मिलती है।

सरकार ने इस बात पर भी जोर दिया कि ”विदेशी निवेश से मिलने वाले कई प्रतिफल जरूरी नहीं कि तुरंत सामने आएं।”

सिंगापुर के परिवहन मंत्री जेफरी सिओव ने घाटे में चल रही एयर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस के निवेश को लेकर सांसद केनेथ तियोंग बून कियात द्वारा जताई गई चिंताओं के जवाब में यह बात कही।

सिंगापुर एयरलाइंस की एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि बाकी शेयरधारिता टाटा संस के पास है। टाटा संस ने जनवरी, 2022 में सरकार से इस एयरलाइन का अधिग्रहण किया था।

सिंगापुर की संसद में मंगलवार को अपने जवाब में जेफरी सिओव ने कहा कि सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) एक सूचीबद्ध कंपनी है जो अपनी कमाई से अपने निवेश का वित्तपोषण करती है। उसके पास 10 अरब सिंगापुर डॉलर से अधिक का नकद भंडार और तीन अरब सिंगापुर डॉलर से अधिक की अप्रयुक्त ऋण सुविधाएं हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘एसआईए ने अपने शेयरधारकों से अतिरिक्त पूंजी नहीं मांगी है। और अगर वह ऐसा करती भी है, तो यह कंपनी और उसके शेयरधारकों के बीच का एक वाणिज्यिक मामला होगा।’’ उन्होंने आगे कहा कि सांसद ने यह संकेत दिया है कि सिंगापुर के नागरिक किसी रूप में एयर इंडिया के निवेश का खामियाजा भुगत रहे हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय