नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) साउथ इंडियन बैंक (एसआईबी) ने म्यूचुअल फंड के बदले एसआईबी डिजिटल कर्ज के माध्यम से सुरक्षित ऋण तक पहुंच बढ़ाने के लिए वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी स्मॉलकेस के साथ बृहस्पतिवार को साझेदारी की घोषणा की।
बैंक ने बयान में कहा कि उसने स्मॉलकेस के प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचे से समर्थित अपनी डिजिटल रूप से एकीकृत म्यूचुअल फंड ऋण (एलएएमएफ) योजना की शुरुआत की है।
इस साझेदारी के तहत नियामकीय अनुपालन के साथ एसआईबी अपने मौजूदा ग्राहकों और ऋण सेवा प्रदाता (एलएसपी) नेटवर्क के माध्यम से डिजिटल संपत्ति मंचों के ग्राहकों को 9.99 प्रतिशत सालाना ब्याज पर म्यूचुअल फंड निवेश के एवज में सुरक्षित ऋण प्रदान कर सकेगा।
इस सुविधा से साउथ इंडियन बैंक के ग्राहक दीर्घकालिक म्यूचुअल फंड निवेश को भुनाए बिना नकदी प्राप्त कर सकेंगे।
स्मॉलकेस की प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए, एसआईबी ने एपीआई (एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस) आधारित एकीकरण विकसित किया है जो उपयोगकर्ता के लिए म्यूचुअल फंड यूनिट को गिरवी रखने, वितरण और कर्ज जारी करने सहित एक संपूर्ण डिजिटल व्यवस्था को सक्षम बनाता है।
साउथ इंडियन बैंक के वरिष्ठ महाप्रबंधक और मुख्य सूचना अधिकारी सोनी ए ने कहा, ‘‘जिम्मेदार और पारदर्शी ऋण समाधान तक पहुंच बढ़ाना हमारी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। स्मॉलकेस के साथ हमारी साझेदारी हमें म्यूचुअल फंड पर प्रतिभूतियों के बदले ऋण की पेशकश करने में सक्षम बनाती है। इससे निवेशकों के लिए ऋण अधिक सुलभ होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम आने वाले समय में डीमैट प्रतिभूतियों और अन्य वित्तीय परिसंपत्तियों तक इसका विस्तार करने के लिए उत्सुक हैं…।’’
भाषा
रमण अजय
अजय