भोपाल, 13 जुलाई (भाषा) स्पेन के सबमर समूह ने सोमवार को यहां मध्यप्रदेश के सेमीकंडक्टर उद्योग में दो अरब डॉलर (19,000 करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की। इससे प्रत्यक्ष रोजगार के करीब 5,000 अवसर सृजित होंगे। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने एक बयान में कहा, ‘‘ स्पेन के सबमर समूह ने एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0: जीसीसी – डेटा सेंटर एंड सेमीकंडक्टर्स में सेमीकंडक्टर उद्योग में दो अरब डॉलर (19,000 करोड़ रुपये) निवेश की घोषणा की।’’
उन्होंने कहा कि डेटा सेंटर परियोजना के लिए भूमि आवंटन का अनुरोध करने वाला एक ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसके छह दिनों के भीतर अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में 15 एकड़ भूमि आवंटित कर दी गई।
इस घोषणा के दौरान बार्सिलोना स्थित सबमर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पैट्रिक स्मेट्स सहित कंपनी के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में व्यापक बदलाव और सकारात्मक परिवर्तन हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज बदलते दौर में भारत अपनी क्षमता, बुद्धिमत्ता और प्रतिभा के बल पर विकास के नित नए आयाम स्थापित कर रहा है।
यादव ने कहा कि दुनियाभर में भारत की पहचान सभी क्षेत्रों में सबसे तेजी से आगे बढ़ते देश के रूप में बनी है।
उन्होंने कहा कि वह समय बीत चुका है जब देश की क्षमता को रोक दिया गया था।
यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश कभी केवल कृषि, खनन और वानिकी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब, रक्षा से लेकर ड्रोन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी से लेकर नवीकरणीय ऊर्जा तक और औद्योगिक गलियारों से लेकर भविष्योन्मुखी क्षेत्रों तक, राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘हम भाग्यशाली हैं कि टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव अपने तीसरे संस्करण में पहुंच गया है। हमने पिछले दो वर्षों में किए गए वादों को पूरा किया है। दो संस्करणों में, हमें 46,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, 22 नई औद्योगिक इकाइयों का उद्घाटन किया और चार नई परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन किए गए।’
यादव ने कहा कि वैश्विक निवेश सम्मेलन 2025 के बाद से तकनीकी क्षेत्र में 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है, जो राज्य की गति और आत्मविश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ‘भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इसमें अपार संभावनाएं हैं। स्पेन, कनाडा, ब्रिटेन, जापान और दक्षिण कोरिया की प्रमुख कंपनियों ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के माध्यम से मध्यप्रदेश में 28,200 करोड़ रुपये (लगभग 2.8 अरब डॉलर) का निवेश किया है।’
यादव ने बताया कि बार्सिलोना (स्पेन) के सबमर ग्रुप ने आज अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है और वह 1 गीगाबाइट डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए निवेश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार एआई, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर सहित सभी छोटे और बड़े उद्योगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य डीप टेक पार्क और डेटा सेंटर सहित सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है।
यादव ने इस अवसर पर 20 औद्योगिक इकाइयों का भी उद्घाटन किया और कार्यक्रम में गूगल प्ले के लिए इंडिया लीड और मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंदौर आईटी कॉरिडोर में 300,000 वर्ग फुट में फैले अत्याधुनिक आईटी पार्क की स्थापना की भी घोषणा की, जो जीसीसी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों की कंपनियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस क्षेत्र में कौशल विकास और औद्योगिक क्षमता विकास को बढ़ावा देगा।
यादव ने यह भी कहा कि भोपाल में 400,000 वर्ग फुट में फैला एक बड़ा आईटी पार्क बनाया जाएगा, और प्लग-एंड-प्ले संचालन के लिए यहां तकनीकी कंपनियों को जमीन प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट औद्योगिक पार्क में पांच एकड़ क्षेत्र में प्लग-एंड-प्ले सुविधा भी विकसित की जाएगी।
प्लग एंड प्ले का मतलब यह है कि कंपनियां यहां आए और मशीन का प्लग लगाकर उत्पादन शुरू करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि राज्य को जीआईएस में अभूतपूर्व निवेश प्राप्त हुआ है, जिसमें 10 लाख रुपये का निवेश पहले ही साकार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा, ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 इस औद्योगिक निवेश यात्रा में एक मील का पत्थर है। आज मध्यप्रदेश में जीसीसी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी के विकास के लिए निवेश और भविष्य की संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हो रही है।’
मुख्य सचिव ने कहा कि अब तक डिजिटल और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है और आगे का काम जारी है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियां एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में 40,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने के लिए तैयार हैं।
भाषा
ब्रजेन्द्र रवि कांत योगेश
योगेश