स्विफ्ट, बैंकों के खुदरा लेनदेन के लिए नए ढांचे को लागू करने से सीमापार भुगतान होगा और भी तेज
स्विफ्ट, बैंकों के खुदरा लेनदेन के लिए नए ढांचे को लागू करने से सीमापार भुगतान होगा और भी तेज
नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) स्विफ्ट और वैश्विक बैंक मिलकर एक नई प्रणाली शुरू कर रहे हैं, जिससे छोटी कंपनियों और उपभोक्ताओं के लिए अंतरराष्ट्रीय भुगतान तेज और सस्ता हो जाएगा। इसकी शुरुआत प्रमुख वैश्विक बाजारों से होगी।
सोसायटी फॉर वर्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशन (स्विफ्ट) सुरक्षित वित्तीय संदेश सेवा प्रदान करने वाली दुनिया की अग्रणी इकाई है।
ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, कनाडा, चीन, जर्मनी, भारत, पाकिस्तान, स्पेन, थाइलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भेजे जाने वाले भुगतान में लागत की निश्चितता, पूर्ण मूल्य की डिलिवरी, संपूर्ण ट्रेसबिलिटी और सबसे तेज गति की सुविधा होगी, जिसमें संभव होने पर तत्काल निपटान भी शामिल है। जून के अंत तक 25 से अधिक बैंकों का एक प्रारंभिक समूह इस प्रणाली को शुरू कर देगा।
स्विफ्ट ने बयान में कहा कि साल के अंत तक और भी भुगतान मार्गों के सक्रिय होने की उम्मीद है। इससे वैश्विक बाजारों में तेज और पारदर्शी खाता-से-खाता सीमापार लेनदेन के लाभ बढ़ेंगे।
बयान के अनुसार, जिन बाजारों में शुरुआत की गयी है, उनमें बांग्लादेश, चीन, जर्मनी, पाकिस्तान और भारत सभी प्रेषण प्राप्त करने वाले शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं।
स्विफ्ट ने सितंबर, 2025 में घोषणा की थी कि वह उपभोक्ता भुगतान के लिए जी-20 के लक्ष्यों की दिशा में सीमापार भुगतान अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए पहले से अपनाने वाले बैंकों के एक स्वैच्छिक गठबंधन के साथ नए नेटवर्क नियमों को विकसित करेगा।
इसमें कहा गया है कि स्विफ्ट के माध्यम से किए गए 75 प्रतिशत भुगतान 10 मिनट या उससे कम समय में गंतव्य बैंकों तक पहुंच जाते हैं। यह जी-20 के लक्ष्य से आगे है। लेकिन अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए शुरुआती चरण और अंतिम घरेलू चरण में और अधिक काम करने की आवश्यकता है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


