स्विगी, मैजिकपिन, जोमैटो की ‘फूड डिलीवरी’ में दिसंबर तिमाही के दौरान दिखी मजबूत वृद्धि

स्विगी, मैजिकपिन, जोमैटो की 'फूड डिलीवरी' में दिसंबर तिमाही के दौरान दिखी मजबूत वृद्धि

स्विगी, मैजिकपिन, जोमैटो की ‘फूड डिलीवरी’ में दिसंबर तिमाही के दौरान दिखी मजबूत वृद्धि
Modified Date: March 8, 2026 / 11:46 am IST
Published Date: March 8, 2026 11:46 am IST

नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) ऑनलाइन ऑर्डर लेकर भोजन पहुंचने वाली भारत की शीर्ष तीन कंपनियों – स्विगी, मैजिकपिन और जोमैटो ने अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में वृद्धि की रफ्तार फिर से हासिल कर ली है।

उद्योग के अधिकारियों ने कहा कि त्योहारी मांग, किफायती पेशकशों और बढ़ते उपयोगकर्ता आधार के चलते ऑर्डर की संख्या में जबरदस्त उछाल देखा गया है। विपणन, उत्पाद नवाचार और मूल्य आधारित प्रस्तावों में लगातार निवेश के साथ, इस क्षेत्र को आने वाली तिमाहियों में भी वृद्धि की गति बरकरार रहने की उम्मीद है।

मैजिकपिन के संस्थापक और सीईओ अंशू शर्मा ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”अक्टूबर-नवंबर-दिसंबर की तिमाही हमारे लिए शानदार रही है, जिसमें सभी बाजारों में मजबूत वृद्धि और बेहतर प्रदर्शन देखा गया। दिल्ली-एनसीआर जैसे परिपक्व बाजार स्थिर रहे, वहीं कंपनी ने बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई सहित अन्य शहरों में सकल ऑर्डर मूल्य में 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की।”

स्विगी ने कहा कि यह तेजी गति, चयन और सामर्थ्य के नए प्रस्तावों को अपनाने के कारण आई है। कंपनी का औसत मासिक लेनदेन करने वाला उपयोगकर्ता आधार सालाना 22 प्रतिशत बढ़कर 2.43 करोड़ हो गया, जबकि इस दौरान कुल ऑर्डर 23 करोड़ से बढ़कर 29.4 करोड़ हो गए।

जोमैटो के फूड डिलीवरी व्यवसाय ने भी समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बेहतर वृद्धि रुझान दर्ज किए। कंपनी ने दिसंबर तिमाही में 9,846 करोड़ रुपये का शुद्ध ऑर्डर मूल्य दर्ज किया, जो सालाना 16.6 प्रतिशत की वृद्धि है।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में