टेबल स्पेस ने फिलीपीन की केएमसी सॉल्यूशंस में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी

टेबल स्पेस ने फिलीपीन की केएमसी सॉल्यूशंस में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी

टेबल स्पेस ने फिलीपीन की केएमसी सॉल्यूशंस में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी
Modified Date: September 18, 2026 / 12:38 pm IST
Published Date: September 18, 2026 12:38 pm IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी टेबल स्पेस ने हिलहाउस के साथ मिलकर अपने प्रबंधित कार्यालय कारोबार के विस्तार की रणनीति के तहत फिलीपीन की केएमसी सॉल्यूशंस में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी है।

बेंगलुरु स्थित टेबल स्पेस ने शुक्रवार को बयान में कहा कि कंपनी और हिलहाउस की कंपनी रावा पार्टनर्स ने केएमसी सॉल्यूशंस में बहुमत हिस्सेदारी खरीदी है। केएमसी सॉल्यूशंस प्रबंधित कार्यस्थल और मानव संसाधन समाधान उपलब्ध कराती है।

कंपनी ने खरीदी गई हिस्सेदारी की मात्रा और सौदे की कीमत का खुलासा नहीं किया।

वर्ष 2017 में स्थापित टेबल स्पेस देश की प्रमुख प्रबंधित कार्यस्थल सेवा प्रदाताओं में से एक है।

टेबल स्पेस के सह-सीईओ (मुख्य कार्यपालक अधिकारी) करण चोपड़ा और कुणाल मेहरा ने कहा, ‘‘वैश्विक कंपनियां अपनी क्षमता का निर्माण और विस्तार किस तरह करती हैं, इसमें भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है और यह टेबल स्पेस की वृद्धि रणनीति का मुख्य आधार बना हुआ है। साथ ही, हमारे ग्राहक तेजी से कई बाजारों में कारोबार कर रहे हैं। इससे भारत में बनाए गए हमारे मंच को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अन्य क्षेत्रों तक विस्तार देने का अवसर पैदा हो रहा है।’’

सौदे के तहत केएमसी के संस्थापक कंपनी में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी बरकरार रखेंगे। केएमसी अपने मौजूदा प्रबंधन दल और ब्रांड के तहत काम करती रहेगी।

केएमसी के सह-संस्थापक एवं चेयरमैन माइकल एम. ने कहा, ‘‘यह साझेदारी हमें वृद्धि के लिए पूंजी, उद्योग जगत के परिवेश और परिचालन विशेषज्ञता तक पहुंच देती है। ’’

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में