टाटा स्टील की ब्रिटेन की कम उत्सर्जन वाली परियोजना में छह-आठ मह की देरी संभव

Ads

टाटा स्टील की ब्रिटेन की कम उत्सर्जन वाली परियोजना में छह-आठ मह की देरी संभव

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 11:26 AM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 11:26 AM IST

(अभिषेक सोनकर)

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) टाटा स्टील की ब्रिटेन में 1.25 अरब पाउंड की कम कॉर्बन उत्सर्जन की इस्पात परियोजना की समयसीमा छह से आठ महीने तक आगे खिसक सकती है। कंपनी को परियोजना के लिए आवश्यक बिजली कनेक्शन प्राप्त करने में देरी का सामना करना पड़ रहा है।

टाटा स्टील ब्रिटेन के पोर्ट टैलबोट संयंत्र में 32 लाख टन क्षमता वाला इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (ईएएफ) स्थापित कर रही है। यह संयंत्र पुराने ब्लास्ट फर्नेस की जगह लेगा और कंपनी की कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की रणनीति का प्रमुख हिस्सा है।

कंपनी के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) कौशिक चटर्जी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रिड ने आधिकारिक रूप से सूचित किया है कि उच्च-वोल्टेज बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने वाली उसकी परियोजना निर्धारित समय से पीछे चल रही है। इस कारण ईएएफ परियोजना के परिचालन में देरी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि टाटा स्टील ब्रिटेन सरकार, राष्ट्रीय ग्रिड और इलेक्ट्रिसिटी सिस्टम ऑपरेटर (ईएसओ) के साथ मिलकर इस देरी के प्रभाव को कम करने के प्रयास कर रही है। हालांकि, उन्होंने माना कि फिलहाल छह से आठ महीने की देरी लगभग तय है।

कंपनी के अनुसार, परियोजना स्थल पर प्रमुख ध्वस्तीकरण कार्य पूरे हो चुके हैं और उपकरणों का निर्माण एवं आपूर्ति जारी है। लेकिन नए इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस को संचालित करने के लिए उच्च क्षमता वाली बिजली आपूर्ति अनिवार्य है।

इस परियोजना में ब्रिटेन सरकार 50 करोड़ पाउंड की सहायता दे रही है। परियोजना के पूरा होने पर पोर्ट टैलबोट संयंत्र से होने वाले कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में लगभग 90 प्रतिशत की कमी आने का अनुमान है, जो सालाना करीब 50 लाख टन उत्सर्जन कटौती के बराबर होगी।

उल्लेखनीय है कि तीन जून को पोर्ट टैलबोट परियोजना स्थल पर आग लगने की एक घटना भी हुई थी, हालांकि सभी कर्मचारी सुरक्षित रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

टाटा स्टील ने कहा कि यह एक बड़ी औद्योगिक परियोजना है और इस तरह की परियोजनाओं में समय-सीमा परिस्थितियों के अनुसार बदलती रहती है। कंपनी सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर परियोजना को सुरक्षित और शीघ्र पूरा करने के लिए काम कर रही है।

भाषा अजय अजय

अजय