टीसीपीएल 50-100 स्टारबक्स आउटलेट हर साल जोड़ेगी, भारत में 8,000 दुकानों की संभावना
टीसीपीएल 50-100 स्टारबक्स आउटलेट हर साल जोड़ेगी, भारत में 8,000 दुकानों की संभावना
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बुधवार को कहा कि कंपनी भारत में टाटा स्टारबक्स के लिए दीर्घकालिक मजबूत वृद्धि संभावनाएं देखती है और देश में अंततः लगभग 8,000 स्टोर तक विस्तार कर सकती है।
उन्होंने इस क्यूएसआर (क्विक सर्विस रेस्तरां) कॉफी व्यवसाय को ‘‘बेहद उच्च संभावनाओं वाला कारोबार’’ बताया और कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) सकारात्मक हो गई है।
टाटा समूह की दैनिक उपयोग की घरेलू वस्तुएं बनाने वाली (एफएमसीजी) इकाई टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) के शेयरधारकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी के संयुक्त उद्यम साझेदार स्टारबक्स कॉरपोरेशन के साथ चर्चा के बाद भारतीय बाजार में विस्तार की बड़ी गुंजाइश दिखाई देती है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने अपने साझेदार के साथ चर्चा की है और हमें लगता है कि अंततः कंपनी भारत में 8,000 स्टोर तक पहुंच सकती है। हम लगातार 50 से 100 स्टोर जोड़ रहे हैं।’’
टीसीपीएल और अमेरिका स्थित स्टारबक्स कॉरपोरेशन का 50:50 संयुक्त उद्यम टाटा स्टारबक्स, भारत में स्टारबक्स कैफे का संचालन करता है।
चंद्रशेखरन ने साथ कहा कि टीसीपीएल मात्रा-आधारित वृद्धि और चुनिंदा मूल्य वृद्धि के संयोजन के जरिये विस्तार पर ध्यान देगी। साथ ही आने वाले वर्षों में 20 प्रतिशत से अधिक ईबीआईटीडीए मार्जिन हासिल करने का लक्ष्य रखेगी।
टीसीपीएल की 63वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ वृद्धि, मात्रा-आधारित और मूल्य-आधारित दोनों तरह से होगी। कंपनी इस बात को लेकर स्पष्ट है कि मात्रा आधारित वृद्धि बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम केवल कीमत बढ़ाकर विकास हासिल नहीं कर सकते।’’
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


