टेक महिंद्रा का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 28.4 प्रतिशत बढ़कर 1,465 करोड़ रुपये पर
टेक महिंद्रा का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 28.4 प्रतिशत बढ़कर 1,465 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी टेक महिंद्रा का चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 28.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,465 करोड़ रुपये रहा है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 17.7 प्रतिशत बढ़कर करीब 15,712 करोड़ रुपये हो गई।
टेक महिंद्रा के कुल कर्मचारियों की संख्या तिमाही आधार पर 863 घटकर 1,46,760 रह गई।
वहीं, पिछले 12 महीनों के आधार पर आईटी क्षेत्र में कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने की दर 11.8 प्रतिशत रही है।
डॉलर के लिहाज से वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का राजस्व 1,660 करोड़ डॉलर रहा, जो तिमाही आधार पर 2.2 प्रतिशत और सालाना आधार पर 6.1 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक मोहित जोशी ने कहा कि सालाना आधार पर 6.1 प्रतिशत की वृद्धि और लगातार तीन तिमाहियों में एक अरब डॉलर से अधिक के नए सौदों से कंपनी के कारोबार की मजबूती और उसकी सेवाओं की बढ़ती प्रासंगिकता का पता चलता है।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों के साथ संबंधों में लगातार मजबूती भी उत्साहजनक है। पांच करोड़ डॉलर से अधिक के कारोबार वाले ग्राहकों की संख्या में सात की वृद्धि हुई है और सभी कारोबारी क्षेत्रों में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज की गई है।
टेक महिंद्रा के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) रोहित आनंद ने कहा कि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में व्यापक स्तर पर वृद्धि, मार्जिन में सुधार और कार्यशील पूंजी के बेहतर प्रबंधन के दम पर मजबूत प्रदर्शन किया है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


