मुंबई, 17 मार्च (भाषा) अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को 12 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 92.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी के कारण रुपये में यह गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख रुपये को कुछ सहारा दे रहा है। हालांकि, निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले पर नजर रखे हुए हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.35 पर खुला और कारोबार के दौरान सबसे निचले स्तर 92.47 तक आया। अंत में घरेलू मुद्रा अब तक के सबसे निचले स्तर 92.40 पर बंद हुई, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे की गिरावट है।
सोमवार को दो पैसे की मामूली बढ़त के बावजूद, रुपया, डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब 92.28 पर बंद हुआ था।
एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा रुपये ने 13 मार्च को पहली बार कारोबार के दौरान सबसे निचले स्तर 92.47 को छुआ था, जबकि उस दिन यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 92.30 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू मुद्रा में गिरावट का मुख्य कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) द्वारा लगातार पूंजी निकासी है। हालांकि, घरेलू बाजारों में सुधार और अमेरिकी डॉलर में नरमी ने रुपये की तेज गिरावट को सीमित किया।
उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की उम्मीद और भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से रुपये को निचले स्तर पर सहारा मिल सकता है।
चौधरी ने कहा, ‘‘निवेशक इस सप्ताह फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी), यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी), बैंक ऑफ जापान और बैंक ऑफ इंग्लैंड की मौद्रिक नीतियों पर भी नजर रखेंगे।’’
चौधरी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 92.10 रुपये से 92.75 रुपये के दायरे में रहने का अनुमान है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत बढ़कर 99.52 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.65 प्रतिशत बढ़कर 102.86 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो सेंसेक्स 567.99 अंक यानी 0.75 प्रतिशत बढ़कर 76,070.84 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 172.35 अंक यानी 0.74 प्रतिशत चढ़कर 23,581.15 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 4,741.22 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। भाषा राजेश राजेश रमण
रमण