रुपया 20 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 94.88 प्रति डॉलर पर बंद

Ads

रुपया 20 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 94.88 प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 09:35 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 09:35 PM IST

मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 20 पैसे टूटकर 94.88 प्रति डॉलर के अपने अबतक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड की बढ़ती कीमतों (जो करीब 115 डॉलर प्रति बैरल के आसपास मंडरा रही है) और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से रुपये पर दबाव बना हुआ है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चा तेल इस बढ़ी हुई कीमत से भारत के आयात खर्च पर असर पड़ने की आशंका है। साथ ही, पश्चिम एशिया में जारी संकट और इसके व्यापक संघर्ष में बदलने की आशंकाओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।

विश्लेषकों के अनुसार, निवेशक अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी नीतिगत फैसले का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, इस साल अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भारी बिकवाली ने भी निवेश धारणा को कमजोर किया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.79 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 94.88 के निचले स्तर तक गया। अंत में यह सर्वकालिक निचले स्तर 94.88 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट है।

मंगलवार को रुपया 53 पैसे की गिरावट के साथ 94.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपये का सर्वकालिक निचला बंद स्तर 27 मार्च को 94.85 प्रति डॉलर दर्ज किया गया था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, “रुपये में कमजोरी का रुझान बना हुआ है और जब भी इसमें उछाल आता है, बिकवाली का दबाव बना रहता है। इससे यह ऊंचे स्तर पर टिक नहीं पाता….। आने वाले समय में रुपये में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और इसकी दिशा कच्चे तेल की कीमतों तथा पूंजी के प्रवाह पर निर्भर करेगी।”

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत बढ़कर 98.72 पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 3.13 प्रतिशत बढ़कर 114.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को कहा कि वह एक मई से ओपेक से बाहर हो जाएगा, जो वैश्विक तेल समूह के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 609.45 अंक उछलकर 77,496.36 अंक पर रहा, जबकि एनएसई निफ्टी 181.95 अंक चढ़कर 24,177.65 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 2,468.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण