रुपया 64 पैसे लुढ़ककर अब तक के सबसे निचले स्तर 93.53 प्रति डॉलर पर बंद

Ads

रुपया 64 पैसे लुढ़ककर अब तक के सबसे निचले स्तर 93.53 प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - March 20, 2026 / 08:48 PM IST,
    Updated On - March 20, 2026 / 08:48 PM IST

मुंबई, 20 मार्च (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया शुक्रवार को 64 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ अब तक के सबसे निचले स्तर 93.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने के बीच विदेशी पूंजी की सतत निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल से रुपये पर दबाव है।

मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण निवेशकों का भरोसा कम होने से रुपये में गिरावट आई है।

उन्होंने साथ ही कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बढ़ते जोखिम ऊर्जा लागत को बढ़ा रहे हैं, जिससे व्यापार घाटा और मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ सकता है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 92.92 पर खुला। कारोबार के दौरान जल्द ही रुपया लुढ़कता हुआ 93 के स्तर से नीचे चला गया। अंत में यह 93.53 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 64 पैसे की गिरावट है।

रुपया बुधवार को 49 पैसे की गिरावट के साथ इससे पहले के रिकॉर्ड निचले स्तर 92.89 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा बाजार गुड़ी पड़वा के मौके पर बृहस्पतिवार को बंद थे।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार की छुट्टी के बाद, भारतीय रुपया फिर से नीचे की ओर लुढ़कते हुए अबतक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इसे लगातार विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के ‘दोहरे झटके’ का सामना करना पड़ा।’’

परमार ने बताया, ‘‘हालांकि भू-राजनीतिक अस्थिरता अभी भी अल्पावधिक बाजार धारणा का मुख्य कारण बनी हुई है, लेकिन डॉलर-रुपया का तकनीकी ढांचा अभी भी तेजी वाला बना हुआ है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर सूचकांक 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.60 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों ने बृहस्पतिवार की गिरावट के बाद वापसी की। सेंसेक्स 325.72 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 74,532.96 अंक पर जबकि निफ्टी 112.35 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,114.50 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 108.62 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 5,518.39 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण