रुपया 82 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 93.71 प्रति डॉलर पर बंद
रुपया 82 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 93.71 प्रति डॉलर पर बंद
मुंबई, 20 मार्च (भाषा) रुपया शुक्रवार को 82 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 93.71 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने के बीच विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल से घरेलू मुद्रा दबाव में है।
मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण निवेशकों का भरोसा कम होने से रुपये में करीब एक प्रतिशत की गिरावट आई है।
उन्होंने साथ ही कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बढ़ते जोखिम ऊर्जा लागत को बढ़ा रहे हैं, जिससे व्यापार घाटा बढ़ सकता है और मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ सकता है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 92.92 पर खुला। कारोबार के दौरान गिरता हुआ यह 93 के स्तर से नीचे चला गया। अंत तक इसमें गिरावट जारी रही और यह 93.71 (अस्थायी) प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 82 पैसे की गिरावट है।
रुपया बुधवार को 92.89 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा बाजार गुड़ी पड़वा के मौके पर बृहस्पतिवार को बंद थे।
मीराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक (जिंस) अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी पूंजी की निकासी के कारण शुक्रवार को रुपया अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भी रुपये पर दबाव डाला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ रुपये में गिरावट का रुख बने रहने के आसार हैं क्योंकि दुनिया में बढ़ते तनाव एवं कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें रुपये पर दबाव डालना जारी रख सकती हैं।’’
चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 93.20 से 93.80 के बीच रहने के आसार हैं।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.58 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों ने बृहस्पतिवार की गिरावट के बाद वापसी की। सेंसेक्स 325.72 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 74,532.96 अंक पर जबकि निफ्टी 112.35 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,114.50 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 110.7 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 7,558.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


