टोरेंट पावर 6,889 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर एलएंडटी की इकाई से नाभा पावर का करेगी अधिग्रहण

टोरेंट पावर 6,889 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर एलएंडटी की इकाई से नाभा पावर का करेगी अधिग्रहण

टोरेंट पावर 6,889 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर एलएंडटी की इकाई से नाभा पावर का करेगी अधिग्रहण
Modified Date: February 16, 2026 / 01:26 pm IST
Published Date: February 16, 2026 1:26 pm IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) टोरेंट पावर लिमिटेड ने एलएंडटी पावर डेवलपमेंट लिमिटेड के साथ 6,889 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर नाभा पावर लिमिटेड में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक समझौता किया है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नाभा पावर लिमिटेड, एलएंडटी पावर डेवलपमेंट लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी है। वहीं एलएंडटी पावर डेवलपमेंट लिमिटेड बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड की पूर्ण अनुषंगी की इकाई है।

टोरेंट पावर ने बयान में कहा कि उसने एलएंडटी पावर डेवलपमेंट लिमिटेड के साथ नाभा पावर लिमिटेड में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी और परिवर्तनीय साधनों के अधिग्रहण के लिए अंतिम समझौता किया है। हालांकि यह सौदा आवश्यक नियामकीय मंजूरियों एवं प्रचलित समापन शर्तों के अधीन रहेगा।

अधिग्रहण पूरा होने के बाद टोरेंट की परिचालन क्षमता पांच गीगावाट से बढ़कर 6.4 गीगावाट हो जाएगी।

टोरेंट समूह के चेयरमैन समीर मेहता ने कहा, ‘‘ नाभा पावर हमारे खंड में एक स्थापित परिचालन परिसंपत्ति जोड़ेगी जिसे पूरी तरह अनुबंधित नकदी प्रवाह और मजबूत परिचालन रिकॉर्ड का समर्थन प्राप्त है। यह अधिग्रहण पहले दिन से ही मूल्यवर्धक होगा और कुल राजस्व एवं लाभप्रदता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी करेगा।’’

एलएंडटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस. एन. सुब्रह्मण्यन ने कहा, ‘‘ नाभा पावर से विनिवेश एलएंडटी के उस रणनीतिक उद्देश्य के अनुरूप है, जिसके तहत हम अपने मजबूत मुख्य व्यवसायों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर कर रहे हैं। यह कदम हमारे सभी हितधारकों व्यापार साझेदारों, शेयरधारकों और कर्मचारियों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने में सहायक होगा।’’

नाभा पावर की स्थापना 2014 में की गई। इसके पास पंजाब के राजपुरा (पाटियाला जिला) में 1,400 मेगावाट (2×700 मेगावाट) की सुपरक्रिटिकल कोयला आधारित ताप विद्युत परियोजना का स्वामित्व है एवं इसका संचालन भी करती है, जो 25 वर्षीय बिजली खरीद समझौते के तहत काम कर रही है।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में