राजस्थान की कुल अनुमानित प्राथमिक क्षेत्र ऋण क्षमता 4.88 लाख करोड़ रुपये: नाबार्ड
राजस्थान की कुल अनुमानित प्राथमिक क्षेत्र ऋण क्षमता 4.88 लाख करोड़ रुपये: नाबार्ड
जयपुर, 13 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने वित्त वर्ष 2026-27 में राजस्थान के लिए कुल अनुमानित प्राथमिक क्षेत्र ऋण क्षमता 4.88 लाख करोड़ रुपये आंकी है।
यह अनुमान नाबार्ड द्वारा शुक्रवार को यहां राज्य ऋण संगोष्ठी में जारी ‘राज्य केंद्रित पत्र’ (एसएफपी) में लगाया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एसएफपी जारी किया। उन्होंने आगामी वित्त वर्ष के 6.11 लाख करोड़ रुपये के राज्य बजट का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घरेलू आय बढ़ाने और खेती, ग्रामीण सड़कों, पीने के पानी और नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता के साथ इसकी मजबूत नींव पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने बैंकों व अन्य हितधारकों से नाबार्ड के इस पत्र में बताए गए अनुमान को पाने के लिए मिलकर काम करने की सलाह दी।
नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर रवि बाबू ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राजस्थान के लिए कुल अनुमानित प्राथमिकता क्षेत्र ऋण क्षमता 4.88 लाख करोड़ रुपये है जो ‘विकसित राजस्थान @ 2047’ के तहत परिकल्पित व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध बुनियादी ढांचे और वास्तविक जमीनी स्तर के ऋण प्रवाह को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र ऋण के विभिन्न उप-क्षेत्रों के लिए ‘ब्लॉक’ स्तर पर ऋण क्षमता का अनुमान लगाया जाता है। इसमें कृषि और संबद्ध गतिविधियों को 2.24 लाख करोड़ रुपये और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को 2.27 लाख करोड़ रुपये का अनुमान लगाया गया है।
उन्होंने कहा,’यह एक शक्तिशाली संदेश है कि राजस्थान का विकास इंजन अब कृषि और गैर-कृषि क्षेत्रों के बीच संतुलित है।’
भाषा पृथ्वी जोहेब रमण
रमण

Facebook


