ट्राई ‘डीएनडी’ ऐप में लाएगा अपील की सुविधा, अगले महीने आएगा नया ‘माईकॉल’ ऐप

ट्राई 'डीएनडी' ऐप में लाएगा अपील की सुविधा, अगले महीने आएगा नया 'माईकॉल' ऐप

ट्राई ‘डीएनडी’ ऐप में लाएगा अपील की सुविधा, अगले महीने आएगा नया ‘माईकॉल’ ऐप
Modified Date: February 13, 2026 / 07:18 pm IST
Published Date: February 13, 2026 7:18 pm IST

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) दूरसंचार विनियामक ट्राई उपभोक्ताओं को ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ (डीएनडी) ऐप में अपील की सुविधा देने की योजना बना रहा है, ताकि सेवा प्रदाताओं द्वारा शिकायतों का संतोषजनक निपटान न होने पर मामले को उच्च प्राधिकारी के समक्ष उठाया जा सके।

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने संवाददाताओं से कहा कि नियामक मार्च में संशोधित ‘माईकॉल’ ऐप को पेश करेगा जिसके जरिये उपभोक्ता कॉल गुणवत्ता से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

लाहोटी ने डीएनडी और ‘माईस्पीड’ ऐप के संशोधित संस्करण जारी करते हुए कहा कि अनचाही फोन कॉल और एसएमएस की शिकायत के लिए बनाए गए नए डीएनडी ऐप में बहुभाषी विकल्प उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में डीएनडी ऐप की स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय भाषाओं में कम चरणों में शिकायत दर्ज करने, बेहतर वरीयता प्रबंधन और डुअल सिम समर्थन जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

लाहोटी ने कहा, “भविष्य में हम इस ऐप में अपील की सुविधा भी शामिल करेंगे, ताकि यदि उपभोक्ता दूरसंचार कंपनी के जवाब से संतुष्ट नहीं है तो वह ऐप के माध्यम से ही अपील दर्ज कर सके।”

हालांकि, ट्राई चेयरमैन ने डीएनडी ऐप में इस सुविधा को जोड़ने की कोई समयसीमा नहीं बताई।

लाहोटी ने कहा कि वर्ष 2025 में अनचाही वाणिज्यिक संचार (यूसीसी) के संबंध में मिली 31 लाख शिकायतों में से 17 लाख से अधिक डीएनडी ऐप के माध्यम से दर्ज कराई गई थीं।

इसके साथ ही ट्राई ने संशोधित ‘माईस्पीड’ ऐप भी पेश किया है, जिसमें बहुभाषी समर्थन के साथ 5जी प्रौद्योगिकी पर उपलब्ध गति की जांच की सुविधा होगी। उपभोक्ता मोबाइल नेटवर्क के अलावा फिक्स्ड लाइन ब्रॉडबैंड या वाई-फाई की गति भी जांच सकेंगे।

नए माईस्पीड ऐप में लैपटॉप पर गति की जांच के लिए वेब पोर्टल की सुविधा भी दी गई है।

इसके अलावा, यह वीडियो स्ट्रीमिंग और वेब ब्राउजिंग जैसे वास्तविक उपयोग की स्थितियों में अनुभव का परीक्षण करेगा और गति एवं विलंबता के साथ जिटर और पैकेट लॉस का भी आकलन करेगा।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में