यूबीएल को संदेह, एक कर्मचारी ने अनजाने में वित्तीय नतीजे पहले ही ‘लीक‘ किए
यूबीएल को संदेह, एक कर्मचारी ने अनजाने में वित्तीय नतीजे पहले ही ‘लीक‘ किए
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड (यूबीएल) ने बृहस्पतिवार को संदेह जताया कि उसके एक कर्मचारी ने गलती से कंपनी के वार्षिक वित्तीय नतीजों का मसौदा किसी बाहरी व्यक्ति को ‘लीक’ कर दिया था।
नीदरलैंड की बहुराष्ट्रीय शराब बनाने वाली कंपनी हेनकेन एनवी द्वारा नियंत्रित कंपनी के स्वैच्छिक खुलासे के अनुसार, वार्षिक वित्तीय परिणामों का मसौदा निर्धारित प्रकाशन से कुछ घंटे पहले एक व्यक्ति के साथ साझा किया गया था।
कंपनी ने कहा, ‘‘पांच मई, 2026 को, कंपनी के एक कर्मचारी ने वैध कारणों से, आवश्यक सुरक्षा उपायों के बिना, कंपनी की अप्रकाशित मूल्य-संवेदनशील जानकारी अनजाने में एक बाहरी व्यक्ति को लीक कर दी।’’
कंपनी के वार्षिक वित्तीय परिणाम अनजाने में हुए इस खुलासे के कुछ ही घंटों के भीतर उसी दिन शेयर बाजारों में विधिवत रूप से प्रकाशित कर दिए गए थे, इसलिए सेबी (भेदिया कारोबार निषेध) विनियम, 2015 के अनुसार आगे किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है।
पांच मई को जारी वित्तीय नतीजों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में यूबीएल का एकीकृत शुद्ध लाभ 4.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 101.87 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, इस दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व मामूली घटकर 4,408.41 करोड़ रुपये रह गया।
भाषा अजय अजय रमण
रमण

Facebook


