अर्बन वॉल्ट ने गुरुग्राम में ग्रीन एसएम को कार्यालय परिसर पट्टे पर दिया

अर्बन वॉल्ट ने गुरुग्राम में ग्रीन एसएम को कार्यालय परिसर पट्टे पर दिया

अर्बन वॉल्ट ने गुरुग्राम में ग्रीन एसएम को कार्यालय परिसर पट्टे पर दिया
Modified Date: June 10, 2026 / 05:14 pm IST
Published Date: June 10, 2026 5:14 pm IST

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) साझा-कार्यस्थल उपलब्ध कराने वाली कंपनी अर्बन वॉल्ट ने ग्रीन एसएम को गुरुग्राम में 16,000 वर्गफुट कार्यालय परिसर पट्टे (सब-लीज) पर दिया है।

वियतनाम की विनग्रुप समर्थित ग्रीन एसएम डिजिटल माध्यम से इलेक्ट्रिक वाहन बुक करने की सुविधा देने वाली कंपनी है।

बेंगलुरु स्थित ‘अर्बन वॉल्ट’ के पास वर्तमान में 28 लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल का पोर्टफोलियो है, जिसमें 80 स्थानों पर 70,000 से अधिक बैठने की क्षमता उपलब्ध है। कंपनी की सेवाएं मुख्य रूप से बेंगलुरु, पुणे और गुरुग्राम में है।

कंपनी ने ग्रीन एसएम के साथ साझेदारी कर देश के प्रमुख शहरों में कार्यालय प्रबंधन के लिए स्थल उपलब्ध कराने की पहल की है।

इस साझेदारी के तहत ‘अर्बन वॉल्ट’ ने भारत में ‘ग्रीन एसएम’ का पहला कार्यालय तैयार किया है। गुरुग्राम के सेक्टर-54 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर बनाए गए इस 16,000 वर्गफुट के कार्यस्थल में लगभग 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

‘अर्बन वॉल्ट’ के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमल मिश्रा ने कहा कि कंपनी ने ग्रीन एसएम के भारत में विस्तार की योजना को समर्थन देने के लिए यह साझेदारी की है।

उन्होंने मंगलवार देर रात यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ग्रीन एसएम द्वारा अर्बन वॉल्ट पर जताया गया भरोसा भारत में प्रवेश करने वाले वैश्विक उद्यमों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले, विस्तार योग्य और टिकाऊ कार्यस्थल प्रदान करने की हमारी क्षमता को दर्शाता है।’’

मिश्रा ने कहा कि कंपनी के पास वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में केवल एक सह-कार्यस्थल है, लेकिन वह गुरुग्राम और नोएडा में और अधिक सुविधाएं खोलने के लिए बातचीत कर रही है।

भाषा

यासिर रमण

रमण


लेखक के बारे में