नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने भारत से सोलर सेल और पैनल के आयात पर प्रारंभिक एंटी-डंपिंग शुल्क की घोषणा की है।
विभाग के अनुसार, ”अपनी कार्यप्रणाली के अनुरूप, हम प्रारंभिक तौर पर याचिका में लगाए गए डंपिंग मार्जिन, जो 123.04 प्रतिशत है, इस जांच में शामिल अन्य सभी उत्पादकों और निर्यातकों पर लागू करते हैं।”
यह आरोप लगाया गया है कि भारत से सोलर सेल अमेरिका में उचित मूल्य से कम पर बेचे जा रहे हैं।
विभाग के नोटिस में चार भारतीय निर्माताओं को सूचीबद्ध किया गया है – मुंद्रा सोलर पीवी, मुंद्रा सोलर एनर्जी, कोवा कंपनी और प्रीमियर एनर्जी फोटोवोल्टिक। इनके अनुमानित भारित औसत डंपिंग मार्जिन की गणना 123.07 प्रतिशत की गई है।
विभाग ने कहा है कि वह अपने प्रारंभिक निर्धारण की तारीख के 75 दिनों के भीतर अंतिम निर्धारण जारी करेगा।
इसमें आगे कहा गया, ”वाणिज्य विभाग ने प्रारंभिक रूप से यह पाया कि मुंद्रा सोलर एनर्जी, मुंद्रा सोलर पीवी, कोवा और प्रीमियर एनर्जीज के लिए विषम परिस्थितियां मौजूद हैं, और अन्य सभी निर्यातकों एवं संबंधित माल के उत्पादकों के लिए ऐसी परिस्थितियां मौजूद नहीं हैं।”
भारत के अलावा लाओस और इंडोनेशिया को भी सोलर सेल और मॉड्यूल की डंपिंग के लिए इसी तरह की जांच के दायरे में रखा गया है।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय