भुवनेश्वर/संबलपुर, 24 अप्रैल (भाषा) ओडिशा सरकार ने राज्य के औद्योगिक क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए शुक्रवार को जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड और जापान की जेएफई स्टील कॉरपोरेशन के बीच एक संयुक्त उपक्रम की स्थापना में सहयोग किया।
इस साझेदारी के तहत संबलपुर जिले में इस्पात संयंत्र के विस्तार के लिए जापान की ओर से 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि यह समान साझेदारी वाला संयुक्त उपक्रम भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड के रेंगाली स्थित एकीकृत इस्पात संयंत्र का विस्तार करेगा। इस संयंत्र की उत्पादन क्षमता 45 लाख टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) से बढ़ाकर 10 एमटीपीए की जाएगी। इस परियोजना में कुल 32,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदल और जेएफई स्टील के अध्यक्ष मसायुकी हिरोसे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जापान के भारत में राजदूत केइइची ओनो और महावाणिज्य दूत योशिहिसा इशिकावा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समझौते के अनुसार, जेएफई स्टील लगभग 15,750 करोड़ रुपये का निवेश कर इस संयुक्त उपक्रम में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी लेगा। विस्तारित संयंत्र में हॉट-रोल्ड स्टील, कोल्ड-रोल्ड स्टील, बार, वायर रॉड और पाइप का उत्पादन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना ओडिशा को लौह अयस्क उत्पादक राज्य से उच्च मूल्य वाले इस्पात निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य 2030 तक 10 करोड़ टन वार्षिक इस्पात उत्पादन क्षमता हासिल करना है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय