अमेरिका ने भारतीय फार्मेसी कंपनी के मालिक, 13 सहयोगियों पर वीजा प्रतिबंध लगाए
अमेरिका ने भारतीय फार्मेसी कंपनी के मालिक, 13 सहयोगियों पर वीजा प्रतिबंध लगाए
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 12 मई (भाषा) अमेरिका ने मंगलवार को भारत स्थित एक ऑनलाइन फार्मेसी के मालिक और उसके सहयोगियों पर वीजा प्रतिबंध लगा दिए। इन पर अवैध रूप से नशीला पदार्थ फेंटेनाइल की तस्करी कर अमेरिकी नागरिकों को आपूर्ति करने का आरोप है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने यहां एक बयान में कहा कि केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स और उसके मालिक से जुड़े 13 लोगों पर वीजा प्रतिबंध लगाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इस कंपनी ने कथित तौर पर अवैध फेंटेनाइल मिले नकली नुस्खे वाली दवाएं अनजान अमेरिकी नागरिकों को बेची हैं।
विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स ने अवैध फेंटेनाइल की तस्करी के जरिये राजस्व अर्जित किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश के तहत फेंटेनाइल को ‘विनाश का व्यापक हथियार’ नामित किया है।
पिगॉट ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी आव्रजन एवं राष्ट्रीयता अधिनियम की धारा 212(ए)(3)(सी) के तहत की गई है।
उन्होंने कहा, “यह कदम अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने की अमेरिका और भारत की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अमेरिकी नागरिकों को नुकसान पहुंचाने में शामिल लोगों को अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।”
अमेरिका ने सितंबर, 2025 में भी दो भारतीय नागरिकों और इसी ऑनलाइन दवा विक्रेता पर प्रतिबंध लगाए थे। अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय ने सादिक अब्बास हबीब सैयद, खिजर मोहम्मद इकबाल शेख और केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स को नामित किया था।
इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने अमेरिका और डोमिनिकन रिपब्लिक के तस्करों के साथ मिलकर नकली दवाओं को असली उत्पाद के रूप में बेचा, जिनमें फेंटेनाइल और अन्य खतरनाक पदार्थ मिले हुए थे।
पिछले महीने, अमेरिका ने एक अन्य भारतीय रसायन आपूर्तिकर्ता सतीशकुमार हरेशभाई सुतारिया पर भी प्रतिबंध लगाया था जिस पर फेंटेनाइल बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की आपूर्ति का आरोप है।
भारतीय अधिकारियों ने सुतारिया और उसकी सहयोगी युक्ताकुमारी आशीषकुमार मोदी को मार्च, 2025 में गिरफ्तार किया था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


