रुपया 48 पैसे टूटकर 96.16 प्रति डॉलर पर
रुपया 48 पैसे टूटकर 96.16 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने और भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ने के बीच रुपया मंगलवार को 48 पैसे लुढ़ककर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 96.16 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि नए सिरे से बढ़े भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और निवेशकों के सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख करने से अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ी जिससे रुपये पर दबाव बना। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.95 प्रति डॉलर पर खुला और 96.16 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 48 पैसे की गिरावट है।
रुपया सोमवार को 30 पैसे की गिरावट के साथ 95.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.07 पर रहा।
सीआर फॉरेक्स एडवाइजर के प्रबंध निदेशक (एमडी) अमित पबारी ने कहा, ‘‘जब अनिश्चितता बढ़ती है और ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने के आसार होते है, तो डॉलर अक्सर बाजार की पसंदीदा सुरक्षित जगह बन जाता है, जिससे उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव पड़ता है।’’
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 3.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 86.42 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 561.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,054.94 अंक पर और निफ्टी 158.95 प्रतिशत टूटकर 24,052.05 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 739.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


