युलु ने ‘सीरीज सी’ वित्त पोषण चक्र के जरिये जुटाए 9.3 करोड़ रुपये
युलु ने ‘सीरीज सी’ वित्त पोषण चक्र के जरिये जुटाए 9.3 करोड़ रुपये
मुंबई, 12 अगस्त (भाषा) इलेक्ट्रिक परिवहन मंच युलु ने ‘सीरीज सी’ वित्त पोषण चक्र के तहत 9.3 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि उसकी योजना अगले दो साल में अपने इलेक्ट्रिक वाहन के बेड़े को चार गुना बढ़ाकर दो लाख करने, सेवा केंद्र का विस्तार करने, रणनीतिक व्यावसायिक साझेदारियों को और मजबूत करने के साथ ही बाजार में सूचीबद्ध होने की योजनाओं को तेज करने की है।
‘सीरीज-सी’ वित्त पोषण किसी भी स्टार्टअप या कारोबार द्वारा पूंजी जुटाने का चौथा एवं आमतौर पर अंतिम चरण है। इसके जरिये कंपनी का उद्देश्य बड़े पैमाने पर विस्तार करना, नए बाजारों (अंतरराष्ट्रीय स्तर पर) में प्रवेश करना या अन्य कंपनियों का अधिग्रहण करना होता है।
युलु के सह संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमित गुप्ता ने कहा कि ‘सीरीज सी’ वित्त पोषण से कंपनी के कारोबारी मॉडल, मांग की व्यापक संभावनाओं, क्रियान्वयन क्षमता और मंच की परिपक्वता की पुष्टि हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आगामी कुछ तिमाहियों में अपने बेड़े को चार गुना बढ़ाने और अधिक क्षमता वाले वाहनों के मॉडल पेश करने के साथ युलु भारत की शहरी स्थानीय परिवहन गतिविधियों की आधारशिला के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखने और शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार है।’’
कंपनी ने कहा कि बजाज ऑटो और मैग्ना इंटरनेशनल इंक के साथ रणनीतिक साझेदारियों की मदद से युलु ने विशेष रूप से तैयार हार्डवेयर, अपनी प्रौद्योगिकी एवं व्यापक ऊर्जा बुनियादी ढांचे वाला एकीकृत इलेक्ट्रिक वाहन परिवेश तैयार किया है। इससे वह टिकाऊ शहरी लॉजिस्टिक्स की बढ़ती मांग का लाभ उठाने की स्थिति में है।
युलु ने कहा कि वह संबंधित शहर के भीतर परिवहन क्षेत्र में भी प्रवेश करने की योजना बना रही है। इसके तहत वह ‘युलु एक्सप्रेस’ पेश करेगी। यह ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, बाइक टैक्सी और त्वरित ‘पार्सल डिलीवरी’ के लिए तैयार अधिक भार वहन क्षमता वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


