Reported By: Devendra Mishra
,Dhamtari News. Image Source- IBC24 Archive
धमतरीः Dhamtari News : छत्तीसगढ़ के धमतरी भाजपा मंडल के लिए आज का दिन किसी सदमे से कम नहीं है। पार्टी को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब करीब चार सौ कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि इस्तीफा देने पहुंचे कार्यकर्ता घंटों भाजपा पदाधिकारियों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई जिम्मेदार नेता सामने नहीं आया। नतीजतन नाराज़ कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और “भाजपा मुर्दाबाद” तक के नारे गूंज उठे।
Dhamtari News : मामला धमतरी जिले के ग्राम आछोटा से जुड़ा है, जहां भाजपा कार्यकर्ता लंबे समय से गांव के पूर्व उप सरपंच और सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें कर रहे थे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिकायत प्रशासन से लेकर भाजपा मंडल तक बार-बार रखी गई, लेकिन नतीजा सिर्फ आश्वासन तक ही सीमित रहा। कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई निराश और नाराज़ कार्यकर्ता एकजुट होकर धमतरी भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहाँ पर हालात और ज्यादा चौंकाने वाले रहे। कार्यकर्ता घंटों तक पदाधिकारियों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी जिम्मेदार नेता सामने नहीं आया।
गुस्साए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और आक्रोश में जिलाध्यक्ष के नाम अपना सामूहिक इस्तीफा कार्यालय की दीवार पर चिपका कर लौट गए। धमतरी भाजपा मंडल के लिए ये इस्तीफा किसी बड़े सियासी झटके से कम नहीं माना जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि इस बगावत पर भाजपा की आगे की रणनीति क्या होगी।