छत्तीसगढ़ के जांजगीर में तरबूज खाने के बाद एक किशोर की मौत, तीन बच्चे बीमार

Ads

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में तरबूज खाने के बाद एक किशोर की मौत, तीन बच्चे बीमार

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 10:15 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 10:15 PM IST

जांजगीर (छत्तीसगढ़), 11 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक गांव में तरबूज खाने के बाद 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन अन्य बच्चे बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना घुरकोट गांव में हुई, जहां ये बच्चे परिवार वालों के साथ अपने मामा के घर घूमने आए थे।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पोड़ी दलहा गांव निवासी अखिलेश धीवर (15) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि बीमार पड़ने वाले अन्य बच्चों की पहचान अवारिद गांव के श्री धीवर (4), खटोला के पिंटू धीवर (12) और कोटगढ़ के हितेश धीवर (13) के रूप में हुई है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर ने कहा, ‘‘शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चों ने रविवार शाम को घर में रखा पहले से कटा तरबूज खाया था। कुछ घंटों बाद, अखिलेश को उल्टी, दस्त और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। बाद में यही लक्षण अन्य तीनों बच्चों में भी देखे गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे उनकी हालत बिगड़ने लगी, परिवार वाले उन्हें सोमवार को अलग-अलग समय पर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर अखिलेश को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य तीनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।’’

कुजूर ने बताया कि जानकारी के अनुसार, तरबूज को सुबह काटा गया था और कई घंटों बाद खाया गया जिससे उसमें संक्रमण होने की आशंका बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि संदूषित तरबूज खाने के बाद बच्चे खाद्य विषाक्ता का शिकार हुए।’’

डॉक्टर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा के नमूने सुरक्षित रख लिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि घर में रखा एक और तरबूज प्रयोगशाला जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भेज दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मौत और बीमारी के पीछे का सही कारण फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा।

भाषा सं संजीव खारी

खारी