पुंटलैंड : Somalia Ship Hijack : सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री डाकुओं ने कैमरून के झंडे वाले एक कार्गो जहाज ‘M/V LUTUF’ को बीच समुद्र में हाईजैक कर लिया है। बता दें की इस जहाज में तुर्की के हथियार, कम्यूनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण लदे हुए थे, जिन्हें मोगादिशु स्थित तुर्की की मिलिट्री ट्रेनिंग फैसिलिटी ले जाया जा रहा था। इस अपहृत जहाज पर सवार 10 सदस्यीय क्रू में 6 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
पुंटलैंड के ईल जिले से लगभग 3.5 नॉटिकल मील दूर जब्त किए गए इस जहाज पर भारतीय क्रू मेंबर्स के अलावा एक तुर्की नागरिक, एक जॉर्जियाई और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड मौजूद हैं। घटना की जानकारी मिलते ही तुर्की की नौसेना हरकत में आ गई और उसके दो युद्धपोत, हेलीकॉप्टर व ड्रोन इलाके की निगरानी करने लगे।
मंगलवार को जब दो संदिग्धों को ले जा रही एक छोटी नाव इस जहाज के पास पहुंची, तो वापसी के दौरान उस पर हवाई हमला किया गया, जिसमें चार लोग मारे गए और दो घायल हो गए। Somalia Ship Hijack : इसके अलावा, सोमाली समुद्री डाकुओं ने यमन के मुकल्ला बंदरगाह से निकले तंजानियाई तेल टैंकर ‘एमटी असाना’ का भी अपहरण कर उसे बारी क्षेत्र के तटीय जलक्षेत्र में रोक रखा है।सोमालिया के समुद्री क्षेत्र में एक के बाद एक जहाजों के अपहरण की इन घटनाओं ने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।