बिलासपुर, दो अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार को एक निजी बस के लगभग 35 यात्री तब बाल-बाल बच गए, जब एक जर्जर पुलिया से गुजरते समय उसके अचानक ढह जाने के बाद भी चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस का संतुलन बनाए रखा और उसे छोटी नदी में गिरने से बचा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिया के बीच का स्लैब टूट गया, जिससे ढांचा बीच से दो हिस्सों में बंट गया और टूटा हुआ सिरा छोटी नदी की तलहटी में जा गिरा।
उन्होंने बताया कि बस क्षतिग्रस्त पुलिया के अगले हिस्से पर ऊपर की ओर झुकी हुई हालत में खतरनाक ढंग से अटकी रही, जिससे वह छोटी नदी में नहीं गिरी।
बिलासपुर के जिलाधिकारी संजय अग्रवाल ने कहा कि रतनपुर थानाक्षेत्र में बंसाझाल गांव के समीप बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर अपराह्न करीब तीन बजे यह घटना हुई।
अग्रवाल ने कहा, ‘‘बस पेंड्रा रोड से बिलासपुर जा रही थी। जब यह चापी नदी के ऊपर बनी पुलिया से गुजर रही थी, तभी उसका स्लैब अचानक ढह गया। किसी को चोट नहीं आई। सभी यात्रियों को उनकी मंज़िल तक पहुंचा दिया गया और फंसी हुई बस को बाद में वहां से हटा दिया गया।’’
जिलाधिकारी ने बताया कि पुरानी पुलिया के पास एक नया पुल बनाया गया है, लेकिन इसे अभी यातायात के लिए नहीं खोला गया है, क्योंकि संपर्क मार्ग का काम अभी चल रहा है और इसके जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है।
रतनपुर के थाना प्रभारी नीलेश पांडे ने कहा, ‘‘10-15 फुट ऊंची पुलिया बीच से ढह गई और दोनों हिस्सों के टूटे हुए सिरे छोटी नदी में गिर गए। बस पुलिया के टूटे हुए एक हिस्से पर ही टिकी रही। इलाके में वैकल्पिक रास्तों से यातायात बहाल कर दिया गया।’’
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप