नागपुर, दो अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में 3,000 रुपये का कर्ज न चुकाने पर 25 साल के एक युवक की उसके दोस्तों ने कथित तौर पर हत्या कर दी जिसके बाद इस मामले में दोनों लोगों को गिरफ़्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि बिना किसी चश्मदीद गवाह या सीधे सबूत के बावजूद इस हत्याकांड को सुलझा लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हिंगना रोड के भीमनगर के निवासी चंद्रकांत तिवारी (25) के रूप में हुई है जिसकी सड़ी-गली लाश काल्मेश्वर थाना क्षेत्र के मांगली में एक कुंए के समीप जंगल में मिली थी।
पुलिस ने शुरू में इसे दुर्घटनावश मौत हो जाने का मामला दर्ज किया था। लेकिन पोस्टमार्टम से पुष्टि हुई कि तिवारी की हत्या की गई थी।
चंद्रकांत का चेहरा बुरी तरह सड़-गल गया था। तकनीकी सबूतों की मदद से उसकी पहचान की गई। पुलिस को यह भी पता चला कि 22 जुलाई को एमआईडीसी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच मुश्किल थी क्योंकि कोई चश्मदीद गवाह या स्पष्ट सुराग नहीं था। स्थानीय अपराध शाखा ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तकनीकी सबूतों का विश्लेषण किया और गुप्त जानकारी जुटाई।’’
जांच के दौरान पुलिस योगेश पोपलघाट (28) और मनोज नारनवरे (28) तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर कबूल किया कि तिवारी ने उनसे 3,000 रुपये उधार लिए थे। बार-बार मांगने के बावजूद उसने पिछले दो महीनों से पैसे नहीं लौटाए थे, जिसके कारण 17 जुलाई को उसकी हत्या कर दी गई।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश