छतरपुर, दो अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव थाना परिसर में कथित रूप से सल्फास खाने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
परिजनों ने पुलिस पर जमीन विवाद से जुड़ी शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया जबकि पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, लहेरा पुरवा निवासी राजकुमार कुशवाहा का अपने बड़े भाई और अन्य परिजनों के साथ पैतृक जमीन को लेकर विवाद था।
पुलिस ने बताया कि 31 जुलाई को दोनों पक्षों से मिली सूचना के आधार पर एहतियाती कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि एक अगस्त की शाम राजकुमार अपने बेटे और बेटी के साथ नौगांव थाने पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि थाना परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में राजकुमार को किसी पुलिसकर्मी से संपर्क किये बिना अपनी गाड़ी से कोई पदार्थ निकालकर खाते हुए देखा जा सकता है।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उन्हें तत्काल नौगांव अस्पताल ले गई, जहां से उन्हें पहले छतरपुर स्थित जिला अस्पताल और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
सकलेचा ने बताया कि उपचार के दौरान शनिवार-रविवार की दरमियानी रात राजकुमार की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज, रोजनामचा और अन्य पुलिस अभिलेखों से की जा रही है।
मामले की जांच एसडीओपी नौगांव को सौंपी गई है।
मृतक की पत्नी चंदा कुशवाहा और बेटी रश्मि कुशवाहा ने आरोप लगाया कि राजकुमार ने जमीन पर कथित कब्जे के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी से आहत होकर राजकुमार ने थाना परिसर में सल्फास खा लिया।
परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, थाना परिसर की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छतरपुर में ही एक अन्य मामले में एक थाने में 22 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर जहर खा लिया।
एक अधिकारी ने बताया कि महाराजपुर थाने में हुई इस घटना में दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच कई मामलों को लेकर विवाद था।
उन्होंने बताया कि महिला का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है।
अधिकारी ने बताया कि थाना परिसर में हुई इस घटना और सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच खजुराहो के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) द्वारा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र