भाजपा ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अहम पदों पर नियुक्त किया

भाजपा ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अहम पदों पर नियुक्त किया

भाजपा ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अहम पदों पर नियुक्त किया
Modified Date: August 17, 2026 / 08:51 pm IST
Published Date: August 17, 2026 8:51 pm IST

रायपुर, 17 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ से लोकसभा सदस्य रूपकुमारी चौधरी और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड अध्यक्ष दीपक म्हस्के को अहम पदों पर नियुक्त करके नई जिम्मेदारी दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी।

वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि म्हस्के को पार्टी का राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने दोनों नेताओं को बधाई दी है और कहा है कि ये नियुक्तियां छत्तीसगढ़ के समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति केंद्रीय नेतृत्व के ‘अटूट भरोसे और सम्मान’ को दर्शाती हैं।

नियुक्ति के तुरंत बाद चौधरी और म्हस्के यहां पार्टी के राज्य कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।

चौधरी ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया और कहा कि वह महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के तौर पर उनका मुख्य मकसद महिलाओं को – जो आबादी का लगभग आधा हिस्सा हैं – देश की विकास प्रक्रिया से जोड़ना होगा।

उन्होंने कहा कि वह पूरी लगन, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ एक आम पार्टी कार्यकर्ता पर जताए गए भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करेंगी।

चौधरी ने बताया कि उन्होंने संगठन में अलग-अलग स्तरों पर काम किया है और इससे पहले महासमुंद में भाजपा जिला अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुकी हैं, जब नवीन पार्टी के राज्य प्रभारी थे।

चौधरी ने कहा, ‘अब जब मुझे यह नई जिम्मेदारी दी गई है, तो मैं निश्चित रूप से महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए काम करूँगी। 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को हासिल करने में महिलाओं की भागीदारी बहुत अहम होगी।’

प्रधानमंत्री मोदी का ‘जेन जी’ की उम्मीदों पर ध्यान केंद्रित करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और वह उनके लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेंगी। उन्होंने यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय व राज्य नेतृत्व का धन्यवाद किया।

म्हस्के ने भी नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। अपनी नियुक्ति को एक बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए म्हस्के ने कहा कि पार्टी के एक आम कार्यकर्ता को इतनी अहम भूमिका सौंपी गई है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘जो लोग सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करते हैं और गलत जानकारी फैलाकर भ्रम पैदा करते हैं, हमारी टीम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाकर उनका मुकाबला करेगी।’

म्हस्के ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य भाजपा की जीत सुनिश्चित करना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य और राष्ट्रीय टीमें मिलकर काम करेंगी।’

उन्होंने कहा, ‘नितिन जी हमारे राज्य प्रभारी थे और मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। छत्तीसगढ़ में काम करते समय मुझे उनका मार्गदर्शन भी मिला। राष्ट्रीय स्तर पर हमें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, हम उसे पूरा करेंगे।’

म्हस्के ने कहा कि भाजपा का सोशल मीडिया विंग डिजिटल संचार को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेगा कि सरकार की कल्याणकारी नीतियां और कार्यक्रम डिजिटल मंच के जरिए लोगों तक पहुंचें।

पचास वर्षीय चौधरी अघरिया समुदाय से हैं, जो एक प्रभावशाली पिछड़ा वर्ग समूह है और छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और महासमुंद इलाकों में इनकी अच्छी-खासी मौजूदगी है।

भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि वह महासमुंद जिले के सरायपाली इलाके के हर्रातार गांव की रहने वाली हैं और अभी बसना शहर में रहती हैं। उनके पास पॉलिटिकल साइंस में मास्टर डिग्री है और उन्होंने 2005 में सरायपाली इलाके से जिला पंचायत सदस्य के तौर पर अपना चुनावी सफर शुरू किया था।

वर्ष 2013 के विधानसभा चुनावों में वह बसना से भाजपा विधायक चुनी गईं। 2014 में वह भाजपा की राज्य सचिव बनीं। 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला और 2019 में उन्हें भाजपा की महासमुंद जिला इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वह महासमुंद संसदीय क्षेत्र से चुनी गईं। पिछले साल उन्हें छत्तीसगढ़ भाजपा राज्य इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

म्हस्के (58) अभी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। वह पहले भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

पदाधिकारी ने बताया कि रसायन शास्त्र के पूर्व प्रोफेसर रहे म्हस्के खेती-बाड़ी से जुड़े रहे हैं तथा उन्हें खेती और ऑर्गेनिक खेती का 35 साल से ज़्यादा का अनुभव है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा की सोशल मीडिया और संचार से जुड़ी गतिविधियों में शामिल रहे हैं और डेटा इकट्ठा करने, उसका विश्लेषण करने और गवर्नेंस से जुड़े कामों के लिए जाने जाते हैं।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में, मुख्यमंत्री साय ने चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है, ”महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी जी को भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। महिला सशक्तीकरण और संगठन के प्रति आपका समर्पण सदैव उल्लेखनीय रहा है। आपके अनुभव और कुशल नेतृत्व से महिला मोर्चा को नई दिशा और गति मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

एक अन्य पोस्ट में, साय ने म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनने पर बधाई दी और कहा, ”छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के जी को भाजपा के सोशल मीडिया कन्वीनर नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपकी संगठनात्मक क्षमता, सक्रियता और तकनीक के प्रभावी उपयोग से भाजपा के विचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के महाअभियान को नई ऊर्जा मिलेगी। हमें विश्वास है कि आपके नेतृत्व में संगठन का डिजिटल संवाद और अधिक प्रभावी एवं सशक्त होगा।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भी नई घोषित राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को दो अहम जिम्मेदारियां देने के लिए केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर चौधरी और राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक के तौर पर म्हस्के की नियुक्ति, छत्तीसगढ़ के समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति नवीन और केंद्रीय नेतृत्व के ‘अटूट भरोसे और सम्मान’ को दर्शाती है।

भाषा संजीव अमित

अमित


लेखक के बारे में