छत्तीसगढ़: 1051 स्वास्थ्य संस्थानों में मिलेंगी आधुनिक जांच सुविधाएं

छत्तीसगढ़: 1051 स्वास्थ्य संस्थानों में मिलेंगी आधुनिक जांच सुविधाएं

छत्तीसगढ़: 1051 स्वास्थ्य संस्थानों में मिलेंगी आधुनिक जांच सुविधाएं
Modified Date: April 2, 2026 / 11:12 pm IST
Published Date: April 2, 2026 11:12 pm IST

रायपुर, दो अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार ने भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर राज्य में ‘अटल आरोग्य लैब’ स्थापित करने का निर्णय लिया है।

अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य राज्यवासियों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस योजना के तहत ‘छत्तीसगढ़ इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक मैनेजमेंट सिस्टम’ (सीजीआईडीएमएस) तैयार किया जा रहा है, जो ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल पर आधारित जांच नेटवर्क स्थापित करेगा।

एक बयान के मुताबिक, इसमें 1051 स्वास्थ्य संस्थानों को जोड़ा जाएगा, जिनमें जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।

इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नई व्यवस्था के तहत विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं जैसे पैथोलॉजी और मॉलिक्यूलर जांच, एक ही प्रणाली के तहत दी जाएंगी।

बयान में बताया गया कि रिपोर्ट कम समय में मरीज के मोबाइल पर उपलब्ध होगी, जिससे उपचार में तेजी आएगी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

अधिकारियों के अनुसार, योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर लैब जल्द शुरू होंगी और तीन माह में पूरा नेटवर्क सक्रिय हो जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही एक निगरानी डैशबोर्ड और कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिससे जांच सेवाओं की गुणवत्ता व समयबद्धता पर निगरानी रखी जा सकेगी।

भाषा संजीव

जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में