छत्तीसगढ़: जांजगीर में संपत्ति विवाद को लेकर बुजुर्ग दंपति और दो पोते-पोतियों की हत्या

Ads

छत्तीसगढ़: जांजगीर में संपत्ति विवाद को लेकर बुजुर्ग दंपति और दो पोते-पोतियों की हत्या

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 02:18 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 02:18 PM IST

जांजगीर (छत्तीसगढ़), 14 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संपत्ति विवाद को लेकर दो रिश्तेदारों ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग दंपति और उनके दो पोते-पोतियों की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले के शिवरीनारायण पुलिस थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव में निर्माणाधीन मकान के भीतर पुलिस ने आज चार शव बरामद किए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह जब मजदूर काम के लिए वहां पहुंचे तब उन्होंने शवों को देखा और अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मृतक दंपति के बेटे सोनसाय और उसके पुत्र डाकेश्वर को हिरासत में लिया है।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70), उनकी पत्नी कांति बाई (65), और उनके पोते-पोतियों पीतांबर कश्यप (17) तथा मोगरा (25) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, मेदनी प्रसाद के तीन बेटे थे, जिनमें सोनसाय भी शामिल है। अधिकारी के अनुसार सोनसाय ने पहले अपने एक भाई की हत्या कर दी थी और उस मामले में 15 साल की जेल की सजा काटी थी, जबकि दूसरे बेटे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

अधिकारी ने बताया कि सोनसाय ने अपने बेटे डाकेश्वर उर्फ गोलू के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने माता-पिता और अपने दो मृत भाइयों के बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जब वे निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे।

उन्होंने बताया कि पीतांबर अपने दिवंगत पिता का इकलौता बेटा था, जबकि मोगरा अपने पिता की इकलौती बेटी थी।

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह मजदूरों ने चारपाई पर शव देखे, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर पारिवारिक संपत्ति पर अपना एकाधिकार चाहता था और संदेह है कि उसने अन्य दावेदारों को रास्ते से हटाने के लिए यह अपराध किया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं संजीव मनीषा वैभव

वैभव