छत्तीसगढ़: दो करोड़ रुपए के गबन के आरोप में एसबीआई की निलंबित अधिकारी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: दो करोड़ रुपए के गबन के आरोप में एसबीआई की निलंबित अधिकारी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: दो करोड़ रुपए के गबन के आरोप में एसबीआई की निलंबित अधिकारी गिरफ्तार
Modified Date: February 26, 2026 / 09:36 pm IST
Published Date: February 26, 2026 9:36 pm IST

बिलासपुर, 26 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो/आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (एसीबी/ईओडब्ल्यू) ने बिलासपुर जिले में एक राष्ट्रीयकृत बैंक की निलंबित महिला अधिकारी को दो करोड़ रुपये से अधिक का गबन करने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) बिल्हा शाखा में ‘कैशियर’ के रूप में पदस्थ रही तेजवथ थीरापतम्मा को 2,06,37,600 रूपये गबन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि एसबीआई के बिल्हा शाखा के प्रबंधक ने शिकायत की थी कि 19 दिसंबर 2024 से दो जनवरी 2025 के बीच बैंक ‘कैशियर’ और अन्य कर्मचारियों ने बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर 2,06,37,600 रूपये का गबन किया।

उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद एसीबी ने बैंक की तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।

अधिकारियों ने बताया कि स्टेट बैंक द्वारा विभागीय स्तर पर की गई जांच में भी थीरापतम्मा और अन्य के खिलाफ आर्थिक अनियमितता के सबूत मिले थे। इसके बाद थीरापतम्मा को निलंबित कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि एसीबी बिलासपुर की टीम पिछले कुछ दिनों से थीरापतम्मा की तलाश कर रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि थीरापतम्मा के बृहस्पतिवार को बिल्हा स्थित स्टेट बैंक में गोपनीय रूप से आने की सूचना मुखबिर से प्राप्त होने के बाद उसे एसीबी बिलासपुर की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के मोबाइल को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि थीरापतम्मा को हिरासत में लेने के लिए उसे विशेष न्यायालय, बिलासपुर में पेश किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।

भाषा संजीव सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में