मुख्यमंत्री साय ने की ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरूआत
मुख्यमंत्री साय ने की ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरूआत
रायपुर, छह अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बृहस्पतिवार को विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के कार्यान्वयन के तहत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान की शुरूआत की।
साय ने घोषणा की कि 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के प्रत्येक गांव में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यह अभियान बेटियों के सम्मान, ग्रामीण स्वच्छता, सामाजिक गरिमा और आधारभूत सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार का ‘‘ऐतिहासिक’’ कदम है।
साय ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में 286.85 करोड़ रुपए की लागत से 6,671 बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार प्रदेश के 6,524 गांवों में 391.44 करोड़ रुपए की लागत से प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 18.22 करोड़ रुपए की लागत से 549 मुक्तिधामों का भी निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य के 10,027 बंद या निष्क्रिय बोरवेल में 52.14 करोड़ रुपए की लागत से ‘सैंड फिल्टर एंड रिचार्ज’ संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। इससे भू-जल स्तर में वृद्धि होगी, वर्षा जल का बेहतर संरक्षण होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट कम करने में मदद मिलेगी।
साय ने कहा कि ‘वीबी-जी राम जी’ योजना पूरे देश में एक जुलाई 2026 से लागू हुई है। योजना के अंतर्गत सभी विकास कार्यों का चयन ग्राम सभा की स्वीकृति से किया जाएगा तथा मजदूरी की दर बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दी गई है।
भाषा संजीव शफीक
शफीक

Facebook


