रायपुर में अलग-अलग घटनाओं में प्रेमियों के हाथों दो प्रेमिकाओं की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार
रायपुर में अलग-अलग घटनाओं में प्रेमियों के हाथों दो प्रेमिकाओं की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, छह अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके कथित प्रेमियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके कथित प्रेमियों को शक था कि महिलाओं के दूसरे पुरुषों से संबंध हैं।
उन्होंने बताया कि ये घटनाएं क्रमशः चार अगस्त और तीन अगस्त को मुजगहन और खमतराई पुलिस थाना क्षेत्रों में हुईं और दोनों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान भारती नेताम (22) और नंदिनी जल (19) के रूप में हुई है।
कांकेर जिले के कोकपुर गांव की रहने वाली नेताम को बुधवार को रायपुर में उसके साथ ‘लिव-इन’ (सहजीवन) में रह रहे सावंत बघेल ने एक सरकारी अस्पताल पहुंचाया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नेताम यहां एक कॉलेज में बीएड की छात्रा थी और वह पिछले छह-सात महीनों से रायपुर के बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में बघेल के साथ रह रही थी।
उन्होंने बताया कि उसकी बड़ी बहन की शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने उसे कई बार बताया था कि बघेल को शक था कि उसका किसी दूसरे पुरुष के साथ संबंध है और वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था।
अधिकारी ने बताया कि चार अगस्त की रात नेताम ने अपनी बहन को फोन किया और कहा कि वह अपने गांव लौटना चाहती है क्योंकि बघेल ने फिर से उसके साथ मारपीट की है। उसकी बहन ने यात्रा के खर्च के लिए ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए उसे तीन हजार रुपये भेजे।
उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के करीब दो बजे नेताम को बघेल अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद उसने अस्पताल से भागने से पहले पीड़िता के परिवार और दोस्तों को घटना की जानकारी दी। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
मुजगहन पुलिस थाना के प्रभारी अमित कौशिक ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि गुस्से में आकर उसने नेताम के साथ मारपीट की और उसका गला घोंट दिया, क्योंकि उसे शक था कि वह फोन पर किसी दूसरे पुरुष से बात कर रही थी।
कौशिक ने बताया कि उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
एक अन्य घटना में, करण तांडी (23) को अपनी प्रेमिका नंदिनी जल की कथित तौर पर हत्या करने और उसके शव को खमतराई पुलिस थाना इलाके के ‘वैगन रिपेयर शॉप’ (डब्ल्यूआरएस) में सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
युवती का शव चार अगस्त को खेत से बरामद किया गया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम और जांच से पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता का गला उसी के स्कार्फ से घोंटा दिया और फिर उसके शव को पानी से भरे खेत में डुबो दिया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
बाद में पीड़िता की पहचान यहां एमएमआई अस्पताल के पास सिया रेजिडेंसी की रहने वाली नंदिनी जल के तौर पर हुई।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान नंदिनी के माता-पिता ने तांडी पर शक जताया।
उन्होंने बताया कि तांडी ने शुरू में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने अपराध कबूल कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि तांडी और पीड़िता इंस्टाग्राम के जरिए मिले थे और करीब चार साल तक रिलेशनशिप में रहे। वह अलग होने से पहले लगभग छह महीने तक साथ रहे थे।
तांडी को शक था कि नंदिनी के दूसरे पुरुषों के साथ संबंध हैं, जिसकी वजह से उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों की जांच जारी है।
भाषा संजीव
संतोष
संतोष

Facebook


