बिजली की दरों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग के दफ्तरों का घेराव करेगी : बैज

बिजली की दरों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग के दफ्तरों का घेराव करेगी : बैज

बिजली की दरों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर कांग्रेस छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग के दफ्तरों का घेराव करेगी : बैज
Modified Date: June 16, 2026 / 03:53 pm IST
Published Date: June 16, 2026 3:53 pm IST

रायपुर, 16 जून (भाषा) कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी बिजली की दरों में हालिया बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाने के खिलाफ पूरे राज्य में आंदोलन करेगी।

उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह बढ़ती बिजली लागत और अधिक बिजली बिल का बोझ उपभोक्ताओं पर डाल रही है।

रायपुर में कांग्रेस के राज्य मुख्यालय ‘राजीव भवन’ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बैज ने कहा कि पार्टी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा मंजूर की गई बिजली दरों में 6.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी का कड़ा विरोध करती है और पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करेगी।

बैज ने बताया कि कांग्रेस 17 जून को सभी जिलों में बिजली विभाग के दफ्तरों का घेराव करेगी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन करेगी।

मुख्यमंत्री के पास ऊर्जा विभाग का भी प्रभार है।

बैज ने बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में कांग्रेस के कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर के खिलाफ घर-घर से आवेदन भरवा कर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने इस बार घरेलू उपभोक्ताओं के दाम में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू में 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की है। भाजपा सरकार ने किसानों को भी नहीं बख्शा कृषि के पंप की बिजली में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गयी है। भाजपा की सरकार बनने के बाद लगातार पांचवी बार बिजली के दाम बढ़ाये गये है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहले से ही बिजली के बेतहाशा बिल जनता की परेशानी का कारण बने हुये हैं। सरकार उसमें राहत देने के बजाय बिजली के दामो में बढ़ोतरी कर रही है। हाल ही में भाजपा सरकार ने बिजली के दामों में 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीपीएस) के रूप में बढ़ोतरी की। भाजपा की सरकार आने के बाद अभी तक बिजली के दाम 31.23 प्रतिशत बढ़ाये गये हैं। कांग्रेस की सरकार ने पांच साल में बिजली के दामों में केवल दो पैसे की बढ़ोतरी की थी, उसमें भी 400 यूनिट तक ‘बिजली बिल हाफ’ योजना लागू थी।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जून में 45 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं का बिजली बिल औसत से तीन गुना आया है। बैज ने कहा कि दूसरी तरफ जनता बिजली कटौती से परेशान है।

उन्होंने कहा कि हर जगह बिजली उपभोक्ताओं की शिकायत है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनकी खपत वास्तविक खपत से अधिक बताई जा रही है, स्मार्ट मीटर सामान्य मीटर की तुलना में बहुत तेजी से चल रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिजली बिल ज्यादा आने के तीन कारण हैं। पहला सरकार ने बिजली का दाम बढ़ा दिया है। दूसरा कांग्रेस सरकार की ‘बिजली बिल हाफ’ योजना बंद हो गई। तीसरा स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं जो खपत से अधिक अनाप शनाप रीडिंग बता रहे हैं।’’

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने सोमवार को सभी तरह के ग्राहकों के लिए बिजली दरों में औसतन 6.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी, जो एक जुलाई से लागू होगी।

नयी दरों में घरेलू ग्राहकों के लिए 30-50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू ग्राहकों के लिए 20-40 पैसे प्रति यूनिट और कृषि पंप कनेक्शन के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी शामिल है, जबकि महिलाओं के स्वयं-सहायता समूहों, अस्पतालों और आदिवासी क्षेत्रों के लिए कई रियायतें बरकरार रखी गई हैं।

भाषा संजीव मनीषा शफीक

शफीक


लेखक के बारे में