Dhamtari Human Skeleton Found: छत्तीसगढ़ के इस जिले में रेत माफियाओं ने पार की सारी हदें! शमशान घाट में किया खनन, जो मिला.. ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Dhamtari Human Skeleton Found: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।

Dhamtari Human Skeleton Found: छत्तीसगढ़ के इस जिले में रेत माफियाओं ने पार की सारी हदें! शमशान घाट में किया खनन, जो मिला.. ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

dhamtari news/ image source: ibc24

Modified Date: May 28, 2026 / 04:00 pm IST
Published Date: May 28, 2026 4:00 pm IST
HIGHLIGHTS
  • खनन में निकले मानव कंकाल
  • श्मशान घाट में अवैध उत्खनन
  • ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Dhamtari Human Skeleton Found: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। जहां इंसानों की अंतिम विदाई होती है… जहां आस्था, परंपरा और संवेदनाएं जुड़ी होती हैं… उसी श्मशान घाट को रेत माफियाओं ने अपनी कमाई का जरिया बना डाला। महानदी किनारे स्थित खरेंगा रेत खदान में अवैध उत्खनन के दौरान एक नहीं, दो नहीं बल्कि करीब दस मानव कंकाल निकलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफियाओं ने पैसे के लालच में सारी हदें पार कर दीं और श्मशान भूमि तक को नहीं छोड़ा।

 क्या है पूरा मामला ?

सुबह का वक्त… महानदी का किनारा… रेत निकालते ट्रैक्टर… और अचानक खुदाई के बीच जमीन से बाहर आने लगे मानव कंकाल। यह दृश्य देखकर मजदूरों के हाथ रुक गए। कुछ ही देर में खबर पूरे गांव में फैल गई। लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर हर कोई दंग रह गया।

बताया जा रहा है कि खरेंगा रेत खदान में अवैध तरीके से रेत उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान खुदाई में करीब दस मानव कंकाल निकले। ग्रामीणों का दावा है कि इनमें से कुछ कंकाल हाल ही के लग रहे थे। जिस जगह से कंकाल मिले, ग्रामीण उसे श्मशान घाट क्षेत्र बता रहे हैं। यानी वो जगह, जहां गांव के लोग वर्षों से अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफियाओं ने मुनाफे के लिए इंसानी संवेदनाओं तक को कुचल दिया। श्मशान घाट जैसी पवित्र जगह को भी नहीं छोड़ा गया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां अवैध खनन चल रहा था, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा रहा।

रेत माफियाओं पर गंभीर आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि महानदी से ट्रैक्टरों के जरिए लगातार रेत निकाली जाती रही और ये पूरा खेल खुलेआम चलता रहा। रेत से भरे वाहन गांव से होकर धमतरी तक पहुंचते रहे, लेकिन ना खनिज विभाग ने कार्रवाई की और ना प्रशासन ने सख्ती दिखाई।

अब जब मानव कंकाल मिलने लगे तो लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि ये सिर्फ अवैध खनन का मामला नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।

गांव की महिलाओं में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जिन जगहों पर उनके पूर्वजों का अंतिम संस्कार हुआ, उसी जमीन को मशीनों और ट्रैक्टरों से खोद डाला गया। श्मशान घाट की खुदाई ने गांव के लोगों को भीतर तक झकझोर दिया है। अब ग्रामीण प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


लेखक के बारे में

पत्रकारिता और क्रिएटिव राइटिंग में स्नातक हूँ। मीडिया क्षेत्र में 3 वर्षों का विविध अनुभव प्राप्त है, जहां मैंने अलग-अलग मीडिया हाउस में एंकरिंग, वॉइस ओवर और कंटेन्ट राइटिंग जैसे कार्यों में उत्कृष्ट योगदान दिया। IBC24 में मैं अभी Trainee-Digital Marketing के रूप में कार्यरत हूँ।