छत्तीसगढ़ में कार खड़े ट्रक से टकराई, सीआरपीएफ के तीन जवानों समेत चार लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ में कार खड़े ट्रक से टकराई, सीआरपीएफ के तीन जवानों समेत चार लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ में कार खड़े ट्रक से टकराई, सीआरपीएफ के तीन जवानों समेत चार लोगों की मौत
Modified Date: February 14, 2026 / 02:30 pm IST
Published Date: February 14, 2026 2:30 pm IST

धमतरी (छत्तीसगढ़), 14 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक को कार ने टक्कर मार दी, जिसकी वजह से कार में सवार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवानों और एक चालक की मौत हो गई जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज सिंह परिहार ने बताया कि दुर्घटना जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धमतरी बाईपास के पास खपरी गांव में सुबह करीब आठ बजे हुई।

उन्होंने कहा कि कार में सीआरपीएफ की विशिष्ट इकाई ‘कोबरा’ (कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन) के कमांडो शामिल थे।

उन्होंने बताया कि मृतक कोबरा की 201वीं बटालियन के जवान थे।

अधिकारी ने कहा कि कोबरा के चार जवान और कार चालक बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर से रायपुर जा रहे थे ताकि वहां से छुट्टी पर अपने पैतृक स्थानों के लिए रवाना हो सकें।

एसपी ने बताया कि कार खड़े ट्रक से टकरा गई और टक्कर इतनी भीषण थी कि एक जवान और चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य जवानों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

परिहार ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चालक को नींद आ गई होगी जिससे तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया।

उन्होंने बताया कि मृतकों में सीआरपीएफ कर्मी सौरभ तोमर, मुकेश कुमार, राजकुमार गोड और चालक हीरालाल नगर शामिल हैं। वहीं, घटना में घायल कमांडो अभिमान राय (28) को इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया है।

भाषा

प्रचेता जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में