छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में माओवादियों के ठिकानों से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी, हथियार बरामद

Ads

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में माओवादियों के ठिकानों से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी, हथियार बरामद

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 05:34 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 05:34 PM IST

नारायणपुर (छत्तीसगढ़), 12 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के जंगलों में माओवादियों के ठिकानों पर एक महीने तक चले अभियान के दौरान एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी और हथियार व विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि 31 मार्च को राज्य को हथियारबंद माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के बाद, जिले में एक विशेष माओवादी-विरोधी अभियान शुरू किया गया था ताकि माओवादियों द्वारा पहले से छिपाए गए सामान का पता लगाकर उसे बरामद किया जा सके।

उन्होंने बताया कि ‘माड़ बचाओ अभियान’ के तहत चलाए गए इस अभियान में जिला पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान शामिल थे। यह अभियान मुख्य रूप से अबूझमाड़ के जंगलों में चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी और ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग के आधार पर की गई, जिसकी मदद से सुरक्षा बल जंगलों के दूरदराज के इलाकों में छिपे माओवादियों के कई ठिकानों तक पहुंच पाए।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 1,01,64,000 रुपये का नकदी बरामद की, जिसमें से 14 लाख रुपये एक ठिकाने से और बाकी रकम दूसरे ठिकाने से मिली।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इसके अलावा 28 हथियार, कारतूस, विस्फोटक सामग्री और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान भी बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों में तीन एके-47 राइफल, तीन एसएलआर राइफल, दो .303 राइफल, एक .315 बोर की राइफल, दो 12-बोर की बंदूकें, दो देसी कट्टे और एक एयर गन शामिल हैं।

भाषा सं संजीव जोहेब

जोहेब