राहुल गांधी कांग्रेस पदाधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे

राहुल गांधी कांग्रेस पदाधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे

राहुल गांधी कांग्रेस पदाधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे
Modified Date: June 21, 2026 / 04:01 pm IST
Published Date: June 21, 2026 4:01 pm IST

रायपुर, 21 जून (भाषा) कांग्रेस सांसद राहुल गांधी रविवार को पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे हैं।

गांधी का स्वागत करने के लिए स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए थे। वह दोपहर दो बजे के बाद एक नियमित उड़ान से वहां पहुंचे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, राज्य में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव और कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

राहुल गांधी जैसे ही हवाई अड्डे से बाहर निकले पार्टी कार्यकर्ताओं ने झंडे लहराए और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के समर्थन में नारे लगाए।

गांधी सीधे रायपुर जिले के अभनपुर कस्बे के लिए रवाना हुए, जहां प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शाम को उनके नयी दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि 20 से 29 जून तक आयोजित 10 दिनों के इस प्रशिक्षण शिविर का मकसद पार्टी संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि राज्य भर की जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के तहत प्रतिभागी क्षेत्र का दौरा करेंगे, ‘श्रमदान’ (स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा) गतिविधियों में शामिल होंगे और स्थानीय मुद्दों को प्रत्यक्ष रूप से समझने और जमीनी स्तर पर लोगों से अपना जुड़ाव मजबूत करने के लिए गांवों में एक रात बिताएंगे।

भाषा संतोष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में