Pen Bomb Viral Message Fact Check : क्या MP-छत्तीसगढ़ में ‘पेन बम’ से हमले की साजिश? वायरल तस्वीरों और पाकिस्तान कनेक्शन का सच आया सामने

Ads

सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे 'पेन बम' मैसेज ने लोगों में डर पैदा कर दिया है। जांच में सामने आया कि वायरल तस्वीरें और दावे भ्रामक हैं तथा भारत में ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

  • Reported By: Suman Pandey

    ,
  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 05:35 PM IST

Pen Bomb Viral Message Fact Check / Image Source : X

HIGHLIGHTS
  • व्हाट्सएप पर 'पेन बम' को लेकर वायरल हो रहा है भ्रामक मैसेज।
  • वायरल तस्वीरों में दिख रही पेन असल में एक सजावटी ग्रेनेड-स्टाइल पेन है।
  • घायलों की तस्वीरें भारत की नहीं, पाकिस्तान के रावलाकोट की बताई जा रही हैं।

रायपुर : क्या छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में किसी आतंकी हमले की साजिश है? क्या एक पेन से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के शहरों को दहलाया जा सकता है? सोशल मीडिया और आपके व्हाट्सएप ग्रुप में एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। आखिर क्या है यह “पेन बम” वाला मैसेज और क्या है इसके पीछे पाकिस्तान कनेक्शन का सच? आज IBC24 आपको बताएगा।

पेन के साथ घायलों की तस्वीरें की जा रही हैं शेयर

पिछले कुछ दिनों से व्हाट्सएप पर एक मैसेज वायरल हो रहा है। साथ में कुछ तस्वीरें भी भेजी जा रही हैं। तस्वीर में एक पेन दिखाई दे रही है, जो ग्रेनेड जैसी नजर आती है और उसके साथ कुछ घायल लोगों की तस्वीरें हैं।मैसेज में दावा किया गया है कि यह पेन विस्फोटक है। इसे उठाने या इसका बटन दबाते ही ब्लास्ट हो जाता है। घायल लोगों की तस्वीरें भेजकर यह बताया जा रहा है कि लोग इस तरह से घायल हो रहे हैं।लहूलुहान लोगों की तस्वीरें और एक पेन से धमाके की खबर सुनकर लोग बेहद परेशान हैं। लोग अपने दोस्तों और परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में इस मैसेज को तेजी से वायरल कर रहे हैं। सोशल मीडिया भी ऐसे मैसेज से भरा पड़ा है। हर जगह एक ही सवाल है कि इस वायरल मैसेज का सच क्या है?

कई राज्यों में फैल रही है अफवाह

आलम यह है कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई शहरों में इस वायरल मैसेज को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। गुजरात, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों में भी इस वायरल मैसेज की वजह से सतर्कता बढ़ती जा रही है।पुलिस के पास भी इस वायरल मैसेज की जानकारी पहुंची है। इसके बाद पुलिस अधिकारी लोगों को इस वायरल मैसेज का सच बता रहे हैं। छत्तीसगढ़ या मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में “पेन बम” को लेकर किसी भी तरह की घटना रिपोर्ट नहीं हुई है। मैसेज सिर्फ वायरल किया जा रहा है। यह एक बड़ी अफवाह की तरह है और ऐसी अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस नजर रख रही है। जरूरत पड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी।तो सुना आपने, वायरल हो रहा “पेन बम” का यह मैसेज एक तरह से फर्जी मैसेज है। किसी भी तरह की घटना नहीं हुई है, लेकिन लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

आखिर कहां से आया पेन बम वाला मैसेज?

लेकिन आखिर यह मैसेज उपजा कहां से और क्या इसका कोई पाकिस्तान कनेक्शन है?हमने जब इस मैसेज के साथ वायरल हो रही तस्वीरों को चेक किया तो पता चला कि जिस पेन की तस्वीर लोगों को भेजी जा रही है, वह एक सजावटी पेन है जिसे ग्रेनेड की तरह डिजाइन किया गया है। मिलिट्री से जुड़े मर्चेंडाइज कलेक्ट करने वाले लोग ऐसी पेन पसंद करते हैं और एक ऑनलाइन वेबसाइट पर यह पेन बेची जा रही है। इसी तस्वीर को उठाकर “पेन बम” वाला मैसेज वायरल किया गया।

पाकिस्तान से जुड़ी हैं घायलों की तस्वीरें

मगर मैसेज के साथ घायल लोगों की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं। देखने में ऐसा लगता है मानो किसी भारतीय राज्य में हुई घटना के बाद यह तस्वीरें खींची गई हों, मगर ऐसा नहीं है। दरअसल, इन घायल लोगों का पाकिस्तान से ताल्लुक है।भारतीय पत्रकार आदित्य राज कौल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे जुड़ी तस्वीरें और जानकारी शेयर की थी। पाकिस्तान के रावलाकोट में, जो पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर का हिस्सा है, वहां स्थानीय लोग पाकिस्तान प्रशासन के खिलाफ पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।पाकिस्तान की पैरामिलिट्री फोर्स “पाकिस्तान रेंजर्स” ने उन पर फायरिंग की। धमाके और हिंसक झड़पों में कई लोग घायल हुए, जिनकी ये तस्वीरें हैं। इन्हीं तस्वीरों को “पेन बम” वाली तस्वीर के साथ जोड़कर वायरल किया गया।बहुत मुमकिन है कि जब सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के लोगों से जुड़ी यह खबर वायरल हुई, तो इसके बाद भारतीय व्हाट्सएप ग्रुप में भारत के खिलाफ माहौल तैयार करने के लिए घायल लोगों और ग्रेनेड जैसी दिखने वाली पेन की तस्वीर लगाकर इस मैसेज को वायरल किया गया।

क्या है सच्चाई?

सड़क पर कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर सीधे पुलिस से संपर्क करना आपकी जिम्मेदारी है और ऐसे फर्जी वायरल मैसेज की पड़ताल करना IBC24 की जिम्मेदारी है, ताकि सच आपके सामने लाया जा सके।फिलहाल, वायरल “पेन बम” वाले मैसेज को लेकर कहा जा सकता है कि यह एक फर्जी और भ्रामक दावा है। भारत में ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह संदेश तथ्यों पर आधारित नहीं है।

इन्हें भी पढ़ें :