राममंदिर चढ़ावा चोरी : हंगामे के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

राममंदिर चढ़ावा चोरी : हंगामे के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

राममंदिर चढ़ावा चोरी : हंगामे के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित
Modified Date: July 13, 2026 / 02:50 pm IST
Published Date: July 13, 2026 2:50 pm IST

रायपुर, 13 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन विपक्षी दल कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर चर्चा की मांग की और खूब हंगामा मचाया जिसके बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से शुरू हुआ।

शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए विपक्ष के नेता चरण दास महंत ने कहा कि उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा के लिए कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

महंत ने दावा किया कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोगों ने राम मंदिर के लिए अपनी मेहनत की कमाई दान की थी लेकिन उनकी आस्था और भरोसे के साथ धोखा हुआ है।

भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने सदन में यह मुद्दा उठाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हालांकि यह आस्था का मामला है, लेकिन यह ऐसा मुद्दा नहीं है जिस पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में चर्चा की जाए।

कांग्रेस सदस्यों ने जवाब दिया कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी राम मंदिर के निर्माण में योगदान दिया है, इसलिए यह मुद्दा चर्चा के लिए प्रासंगिक है।

महंत ने सत्ता पक्ष को याद दिलाया कि विधानसभा ने 2024 में अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर आभार व्यक्त करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था और सदन में इस मामले पर चर्चा भी हुई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी आरोप लगाया कि राम मंदिर के लिए दिए गए चढ़ावे की लूट हुई है, जिस पर चंद्राकर ने कड़ी आपत्ति जताई।

इस बहस के बाद दोनों पक्षों के सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि उन्हें कांग्रेस सदस्यों से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस मिले थे, लेकिन उन्होंने इसे खारिज कर दिया क्योंकि यह मामला छत्तीसगढ़ से संबंधित नहीं है।

अध्यक्ष के फैसले के बाद कांग्रेस विधायक चर्चा की मांग पर अड़े रहे, जिससे अध्यक्ष को कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तब विपक्ष ने फिर से यह मुद्दा उठाया और राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का आरोप लगाने वाले पोस्टर दिखाए।

चंद्राकर ने कहा कि अध्यक्ष अपना फैसला सुना चुके हैं और बार-बार यह मुद्दा उठाना अध्यक्ष पद का अपमान है।

लगातार हंगामे के बीच, अध्यक्ष रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

भाषा संजीव नरेश मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में