छत्तीसगढ़ में सुबह की सैर पर निकले तीन दोस्तों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला

Ads

छत्तीसगढ़ में सुबह की सैर पर निकले तीन दोस्तों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 03:08 PM IST

जांजगीर (छत्तीसगढ़), 28 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार तड़के सुबह की सैर पर निकले तीन दोस्तों की एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोंगरी-कोरबी गांव से गुजरने वाली भारतमाला सड़क पर तड़के चार से पांच बजे के बीच हुई।

अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान डोंगरी-कोरबी गांव के निवासी दलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेट (52) और संतु यादव (70) के रूप में हुई है। तीनों रोजाना की तरह सुबह की सैर के लिए घर से लगभग दो किलोमीटर दूर गए थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर जा गिरे। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

अधिकारी के अनुसार, वैष्णव एक सहकारी समिति के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक थे, जबकि बरेट और यादव किसान थे। तीनों घनिष्ठ मित्र नियमित रूप से साथ में सुबह की सैर पर जाते थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश