छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, तीन अन्य घायल

Ads

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, तीन अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 12:43 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 12:43 PM IST

जांजगीर, 28 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर—चांपा जिले में हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के चांपा–फरसवनी मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई वर्षीय बालक प्रियांश की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि कोरबा शहर के निहारिका क्षेत्र निवासी सोनी परिवार के सदस्य विवाह समारोह में शामिल होने चांपा शहर पहुंचे थे। वापसी में सोमवार—मंगलवार रात लगभग दो बजे जब वह चांपा–फरसवनी मार्ग पर फरसवनी टोल नाका के करीब पहुंचे तब उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े एक वाहन से जा भिड़ी।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव और घायलों को अस्पताल भेजा। रास्ते में दो घायलों ने दम तोड़ दिया।

अधिकारियों ने बताया कि तीन अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

भाषा सं संजीव मनीषा

मनीषा